गजरौला। तीन दबंग युवकों ने चाकू के बल पर दिव्यांग व्यक्ति से तीस हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर दिव्यांग को चाकू घोंपकर घायल कर दिया। घायल ने थाने पहुंचकर तीनों युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उसकी तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव पखरौला निवासी दिव्यांग सोनू दिल्ली में मजदूरी करता है। काफी दिन बाद शुक्रवार शाम को दिल्ली से गांव लौट रहा था। उसके पास दिल्ली में मजदूरी करके कमाए गए 30 हजार रुपये भी थे। सोनू जैसे ही गांव कुमराला पहुंचा तो रास्ते में उसे तीन दबंग युवक मिल गए। युवकों ने सोनू को घेर लिया और दिल्ली से कमाकर लाई गई रकम में से दावत देने की बात कही। इससे मना करने पर युवकों ने चाकू निकालकर सोनू पर तान दिया और उससे तीस हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट करते हुए युवकों ने सोनू को चाकू से वार कर घायल भी कर दिया। शनिवार को सोनू ने थाने पहुंचकर तीनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिल गई है, मामले की जांच कराई जा रही है।
बहन की शादी में लिए गए कर्ज अदा करने की बात पर भड़के युवक
दिल्ली से मजदूर करके लौट रहे सोनू को जब तीनों युवकों ने घेरकर कमाई गई तीस हजार की रकम में से दावत देने की बात कही, तो उसने कहा कि वह इस रकम में से एक पैसा भी खर्च नहीं कर सकता। उसे अपनी बहन में लिया गया कर्ज चुकाना है, इसलिए वह दावत नहीं दे सकता। यह बात सुनकर तीनों युवक भड़क गए थे और उन्होंने सोनू से रुपये छीनने के बाद उसे चाकू मारकर घायल कर दिया।