सीएम फ्लाइंग ने पाइप फैक्टरी से सरकारी सीमेंट से भरे एक कैंटर पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। रोहतक रोड स्थित एक सीमेंटिड पाइप फैक्टरी से सीएम फ्लाइंग ने सरकारी सीमेंट से भरे दो आयशर कैंटर पकड़े हैं। इन कैंटरों को भिवानी हुडा विभाग स्टोर से भेजा गया था। सिटी थाना पुलिस ने सीमेंट से भरे दोनों कैंटर को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। खबर लिखे जाने तक पुलिस व सीएम फ्लाइंग हुडा ठेकेदार सहित अधिकारियों से भी इस संदर्भ में पूछताछ कर रही है। सूत्रों की मानें तो सरकारी सीमेंट को अवैध रूप से बेचने का बात भी जांच प्रक्रिया के बाद सामने आ सकती है।
सीएम फ्लाइंग को शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गुप्त सूचना मिली थी कि भिवानी हुडा गोदाम से सीमेंट लेकर दो गाड़ियां चरखी दादरी भेजी गई थी और इनमें से एक गाड़ी रोहतक रोड स्थित एक पाइप फैक्ट्री में खाली की जा रही है। इसके तुरंत बाद सीएम फ्लाइंग व गुप्तचर विभाग की संयुक्त टीम पाइप फैक्ट्री पहुंची और वहां खड़ी आयशर कैंटर के चालक हनुमान से इस संबंध में पूछताछ की। टीम ने सबसे पहले यहां उतारे जा रहे सीमेंट के बैग की वीडियो अपने मोबाइल में भी कैद कर ली। इसी दौरान यहां मौजूद फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गौरव कुमार भी अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस टीम ने जब फैक्टरी के गोदाम का निरीक्षण किया तो यहां सरकारी सीमेंट के बैग नहीं मिले। इस पर कैंटर चालक हनुमान ने बताया कि फैक्टरी मालिक ने मोबाइल में वीडियो बनाने पर सीमेंट के बैग वापस कैंटर में रखवा दिए और उसे गाड़ी लेकर वहां से निकाल दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीटीएम मनीष फौगाट भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कैंटर चालक व सीएम फ्लाइंग से बातचीत भी की। इसके कुछ देर बाद ही हुडा विभाग का ठेकेदार संदीप कुंडू भी मौके पर पहुंच गया। ठेकेदार ने सीटीएम के सामने बताया कि दादरी हुडा सेक्टर में सड़क किनोर बरम निर्माण का कार्य उसे करना है और इसके लिए ब्लॉक बनवाने के लिए यह सीमेंट यहां फैक्ट्री में लाई गई थी। हालांकि ठेकेदार इस संबंध में कोई लिखित दस्तावेज प्रशासनिक अमले के सामने पेश नहीं कर पाया। ठेकेदार ने बताया कि यहां दो गाड़ियों में 500 बैग सीमेंट के हुडा गोदाम भिवानी से भेजे गए हैं और एक कैंटर सीमेंट लेकर कुछ देर में पहुंचने वाली है। स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर पुलिस टीम कैंटर व चालक सहित ठेकेदार को पूछताछ के लिए सिटी पुलिस थाने ले आई। देर शाम तक इनसे पूछताछ चल रही थी।
ठेकदार के जवाब से संतुष्ट नहीं अधिकारी
चार सदस्यीय सीएम फ्लाइंग में सब इंस्पेक्टर कर्मवीर, सुनील व राजबीर सहित हेड कांस्टेबल अजमेर शामिल थे। सब इंस्पेक्टर सुनील ने बताया कि जिस समय बैग फैक्टरी में उतारे जा रहे थे उस दौरान फैक्टरी संचालक भी मौजूद था। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। इतना ही नहीं हुडा विभाग के ठेकेदार के पक्ष से भी प्रशासनिक अमला संतुष्ट नहीं हुआ।
इस मामले से जुड़े हर शख्स के बयान दर्ज करेंगे और इस संबंध में मैंने आदेश दे दिए हैं। अगर जांच में गड़बड़ी की बात सामने आई तो तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। फिलहाल मामले की जांच सिटी थाना पुलिस कर रही है।
-मनीष फौगाट, सीटीएम