अमरोहा। कांठ रोड नौगांवा बाईपास के निकट आम के बाग में शव मिलने से सनसनी फैल गई है। शव कई दिन पुराना होने से पूरी तरह गल चुका था। हत्या की आशंका जताई जा रही है। बाग स्वामी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। शिनाख्त नहीं होने पर शव मोरचरी में रखवा दिया गया है।
देहात थाना क्षेत्र के नाजरपुर खुर्द निवासी शौकीन पुत्र अली हसन का कांठ रोड नौगांवा बाइपास के निकट आम का बाग हैं। यहां पिछले कई दिनों से एक लाश पड़ी हुई थी। रात करीब दस बजे बाग मालिक शौकीन खेत पर गए थे। तभी उन्होंने शव पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एसओ राजीव शर्मा फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। लाश मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। लाश पूरी तरह गल चुकी थी। शव फूलकर मोटा हो गया और उसमें कीड़े चल रहे थे। बारिश पड़ने के कारण शव की हालत और बिगड़ गई थी। काफी मशक्कत करने के बाद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। घटनास्थल पर देखने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। एसओ के राजीव शर्मा के मुताबिक शव को कब्जे में लेकर मोरचरी में रखवा दिया है। शव के पहचान कराने के लिए कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या की पुष्टि हो सकेगी।