अमरोहा। परिषदीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान की सूची तैयार नहीं हो सकी है। इसके चलते अफसरों की मंशा पर सवाल उठने लगे हैं। कई बार के पत्राचार के बावजूद खंड शिक्षा अधिकारी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों से प्रोफॉर्मा पर शिक्षकों की क्रमवार सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। लापरवाही पर खंड शिक्षा अधिकारियों के वेतन रोकने की चेतावनी दी है। इसके चलते हड़कंप मचा है।
बेसिक शिक्षा परिषद के परिषदीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार करनी है। इसके लिए अक्तूबर 2020 से कवायद चल रही है। हालांकि 10 महीने में शिक्षकों की वरिष्ठता सूची अंतिम तौर पर तैयार नहीं हो सकी है। इसके चलते सैकड़ों शिक्षक प्रोन्नत वेतनमान से वंचित हैं। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों से प्रोफॉर्मा पर जानकारी मांगी है, हालांकि खंड शिक्षा अधिकारियों ने नाम भेजा है। हालांकि उन्हें प्रोफॉर्मा पर 10 बिंदुओं की जानकारी देनी है। जिसमें प्रथम नियुक्ति तिथि, चयन वेतनमान तिथि और प्रोन्नत वेतनमान देय तिथि का उल्लेख करनी है। शिक्षक संगठनों ने प्रोन्नत वेतनमान का लाभ नहीं मिलने पर आंदोलन का ऐलान किया है। बीएसए ने अब खंड शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है। कहा है कि महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही प्रतीत हो रही है। ब्योरा नहीं देने पर खंड शिक्षा अधिकारियों के वेतन रोकने की चेतावनी दी है।