हसनपुर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालय गुलामपुर में लंबे समय बाद स्कूल पहुंचे बच्चों को चॉकलेट बांट
- फोटो : HASANPUR
अमरोहा। जिले में कक्षा एक से पांचवी तक के स्कूल बुधवार से खुल गए। बच्चों में स्कूल आने को लेकर उत्साह दिखा। मास्क लगा कर चहकते हुए बच्चे स्कूल में पहुंचे। स्कूलों को गुब्बारों से सजाया गया था। शिक्षकों ने बच्चों को निर्धारित दूरी पर बिठाया। उन्हें कोरोना से बचने के लिए जागरूक किया। खंड शिक्षा अधिकारियों और जिलास्तरीय अधिकारियों ने स्कूलों का जायजा लिया।
कोरोना की दूसरी लहर के नियंत्रण के बाद प्रदेश सरकार ने कक्षा एक से पांचवीं तक के स्कूल खोलने के निर्देश दिए। इसके लिए बेसिक शिक्षा परिषद ने निर्देश जारी किया था। अभिभावकों से सहमति पत्र मांगा। इसको लेकर आने के बाद बुधवार को बच्चों को दाखिला मिला।
शहर के आंबेडकर चौक स्थित प्राइमरी स्कूल को रंग बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। बच्चों का शिक्षकों ने मुख्य द्वार पर स्वागत किया। उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इसके बाद बच्चों को कक्षा में दो गज की दूरी पर बिठाया। कोरोना से बचने के लिए नियमित तौर पर हाथ धुलने के तरीके के बारे में बताया। खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार ने स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के बैठने की जगह देखी इसके अलावा सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए।