गजरौला। नगर से घर जा रहे बाइक सवार डेयरी संचालक युवक को सामने से आई तेज रफ्तार अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से डेयरी संचालक की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन शव को सीएचसी में लेकर आए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। संचालक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव कौराला निवासी निर्मल सिंह किसान हैं। उनका बेटा सोविंद्र सिंह (38) गजरौला में रहकर डेयरी चलाता था। गांव में भी उनकी डेयरी चल रही है। गांव के अलावा गजरौला में भी उनका मकान है। रविवार की दोपहर बाद सोविंद्र सिंह बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। वह करीब साढ़े तीन बजे खाद गुर्जर मार्ग पर शहवाजपुर माफी के निकट मोड़ पर पहुंचे थे। इस दौरान सामने से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार भी काफी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन मौका पाकर चालक कार को लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे। सोविंद्र के शव को सीएचसी लेकर आए।
हादसे की सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डेयरी संचालक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। थाना प्रभारी राजेश तिवारी का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।