बुरावली। रहरा-हसनपुर मार्ग पर कार की टक्कर से बाइक सवार मासूम बेटे की मौत हो गई। जबकि उसका पिता घायल हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घायल का उपचार कराया जा रहा है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव फूलपुर गढ़ी निवासी देवेंद्र अपने पांच वर्षीय बेटे विष्णु को साथ बाइक पर सवार होकर आदमपुर के गांव बीजलपुर स्थित ससुराल गया था। बृहस्पतिवार दोपहर को वहां से वापस अपने गांव लौट रहा था। रहरा हसनपुर मार्ग पर गांव मटीपुरा के पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में मासूम विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
उधर, मासूम की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। विष्णु परिवार में एकलौता बेटा है। इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। थाना प्रभारी अमर सिंह का कहना है कि सड़क हादसे में एक बच्ची की मौत हुई है। उसके पिता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में ले लिया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।