अमरोहा। एएनएम के ट्रांसफर और उसके भाई की नौकरी लगवाने के नाम पर दो सगे भाइयों ने चार लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने धमकी दी। जाति सूचक शब्द कहे। पीड़ित तहरीर पर देहात पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव महैम्दी की मढैयो में मुकेश कुमार का परिवार रहता है। उसकी पत्नी संतोष कुमारी एएनएम हैं। आरोप है कि अमरोहा नगर के मोहल्ला निवासी दो सगे भाइयों ने एएनएम संतोष के ट्रांसफर और उसके भाई सोनू कुमार की नौकरी रेलवे में लगाने के नाम पर चार लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने काम कराने के लिए चार महीने का समय मांगा था। इसके बाद भी न तो संतोष का ट्रांसफर हुआ और न ही सोनू को नौकरी मिली। लिहाजा मुकेश कुमार ने अपने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि दोनों भाइयों ने जान से मारने की धमकी दी और जाति सूचक शब्द कह कर अपमानित किया।
पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, तो कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसपी पूनम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ सुनील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर सगे भाई शबाब अली और सिकंदर अली निवासी मोहल्ला घेर पछिया अमरोहा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।