अमरोहा में एक अधेड़ ने राष्ट्रीय पक्षी मोर को पकड़ कर उसकी हत्या कर दी और सब्जी बनाने के लिए काट डाला। मोर के अन्य अवशेषों को इधर-उधर फेंक दिया। घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
मोर के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, वन विभाग कर्मी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम के तहत एफआईआर की तैयारी की जा रही है। यह घटना अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के उमरी सादात गांव की है। यहां पर पूसाराम का परिवार रहता है। उनका 43 वर्षीय बेटा हरकिशन अविवाहित है।
ग्रामीणों के मुताबिक हरकिशन खुद के पालन पोषण के लिए मेहनत मजदूरी भी नहीं करता है। वह पशु-पक्षियों का शिकार करता रहता है। बुधवार की सुबह करीब 8.00 बजे हरकिशन जंगल से एक मोर को पकड़ लाया और घर में उसकी हत्या कर दी। बाद में मोर के पंजे, सिर और पंखों को इधर-उधर फेंक दिया। जबकि मांस के टुकड़े कर सब्जी बनाने की तैयारी करने लगा।
थोड़ी देर में राष्ट्रीय पक्षी मोर की हत्या की खबर पूरे गांव में फैल गई। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार, वन दरोगा राजीव वर्मा और थानाध्यक्ष सुनील मलिक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोपी हरकिशन को मोर के मांस के साथ मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस और वन विभाग की टीम ने अवशेषों को कब्जे में ले लिया है। दोनों टीमों ने ग्रामीणों से पूछताछ की। सीओ सिटी विजय राना ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों से तहरीर लेकर एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। डीएफओ देवमणि मिश्रा ने बताया कि मोर के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।