बेखौफ चोरों ने डिडौली कोतवाली के चंद कदम की दूरी पर ट्रैक्टर मिस्त्री के घर को निशाना बनाकर नगदी-जेवर सहित 40 लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया। पंद्रह दिन बाद मिस्त्री के बेटे और बेटी की शादी होनी है। इसलिए पीड़ित ने नगदी-जेवर जुटाकर रखे थे। घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह करीब दो बजे हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित ने घटना की तहरीर दे दी है।
यह वारदात डिडौली कोतवाली से चंद कदम दूर
चोरी की यह वारदात डिडौली कोतवाली से चंद कदम दूर की है। हाइवे किनारे गांव के अड्डे पर अहमद हसन उर्फ पप्पू मिस्त्री का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। अहमद हसन घर के निचले हिस्से में ट्रैक्टर मिस्त्री की दुकान चलाते हैं। जबकि दूसरी मंजिल पर परिवार के साथ रहते हैं।
बेटे आसिफ और बेटी अजमी की होने वाली है शादी
पंद्रह दिन बाद अहमद हसन के बेटे आसिफ और बेटी अजमी की शादी है। इसलिए परिवार ने बच्चों की शादी के लिए नगदी-जेवर जुटाकर घर में रखे थे। कुछ दिन पहले ही मिस्त्री अहमद हसन ने जमीन बेची थी। वहां से मिले 16 लाख रुपए भी घर में रखे थे। बुधवार की रात मिस्त्री अहमद हसन परिवार के सदस्यों के साथ घर के निचले हिस्से में सोए हुए थे। रात में किसी समय चोर दीवार फांद कर घर में घुस आए और दूसरी मंजिल पर बने कमरों के ताले तोड़कर 16 लाख रुपए की नकदी, 3 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 280 ग्राम सोने के जेवरात व अन्य सामान चोरी कर लिया।
पड़ोसी की छत के सहारे दूसरी मंजिल पर पहुंचे
करीब दो बजे आहट होने पर पड़ोसी ने चोरों को दीवार कूद कर भागते देखा। घटना के समय चोरों ने जीने का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया था। लिहाजा ट्रैक्टर मिस्त्री परिवार के सदस्यों के साथ पड़ोसी की छत के सहारे दूसरी मंजिल पर पहुंचे। यहां कमरों के ताले टूटे पड़े थे, जबकि सारा सामान बिखरा पड़ा था। घटना से राजमिस्त्री का परिवार बदहवास हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीड़ित ट्रैक्टर मिस्त्री ने करीब 40 लाख रूपये की चोरी बताते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
यह सामान हुआ चोरी
चोरों ने ट्रैक्टर मिस्त्री के यहां से 8 सोने के हार, 3 पेंडिल, 14 अंगूठी, 10 हाथ के कड़े, 1 झूमर, एक टीका, 2 नथ, 4 लोग, 3 जोड़ी झुमकी, 4 जोड़ी दूरिया, 1 गले की चैन, 3 जोड़ी टॉप्स, 3 तिबिजय, 1 नोज पिन और चांदी की 6 जोड़ी पाजेब, 5 जोड़ी पैर की चैन, 1 जोड़ी दस्त बंद, 2 जोड़ी तोड़े, 2 जोड़ी हाथ फूल, 1 जोड़ी बच्चे की चैन आदि जेवरात चोरी कर फरार हो गए।