अमरोहा। शहर की आवास विकास कॉलोनी में अतरासी रोड स्थित आर्या ज्वैलर्स की दुकान पर नकाबपोश महिला ने अपने पुरुष साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ग्राहक बनकर पहुंची महिला करीब तीन लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के दो जोड़ी कुंडल चोरी कर भाग गई। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।
आर्या ज्वैलर्स की स्वामिनी शिवी गुप्ता के मुताबिक, सोमवार को हिल्टन कॉन्वेंट स्कूल के निकट स्थित दुकान पर वह मौजूद नहीं थीं। इस दौरान नकाबपोश महिला अपने पुरुष साथी के साथ पहुंची। महिला ने दुकान पर मौजूद उनके बेटे से ग्राहक बनकर जेवर दिखाने को कहा। जेवर देखते समय उसने करीब 25 ग्राम वजन के सोने के दो जोड़ी कुंडल चुपके से अपने हाथों में छिपा लिए। इसके बाद दोनों दुकान से चले गए।
कुछ देर बाद शिवी गुप्ता के बेटे को कुंडल गायब होने का पता चला तो खलबली मच गई। तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। सीसीटीवी फुटेज में महिला की करतूत कैद मिली है। चोरी के बाद महिला अपने साथी के साथ फरार हो गई। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा।