रजबपुर। तेज रफ्तार कार ने बृहस्पतिवार की देर शाम बाइक को रौंद दिया। हादसे में पाकबड़ा निवासी प्रवेश देवी (55) की मौत हो गई। जबकि उनकी बेटी और दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग निकला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है। जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। यह हादसा अमरोहा-अतरासी मार्ग पर कलाली गांव के सामने हुआ। अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मण वाली मढै़या में पेशे से मजदूर मिंटू का परिवार रहता है।
बृहस्पतिवार को क्षेत्र में ही रिश्तेदारी में कोई वैवाहिक कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा थानाक्षेत्र के गांव नेमतुल्ला नगर से मिंटू की सास प्रवेश देवी भी आईं हुईं थीं। मिंटू बाइक पर पत्नी गुड्डी व सास प्रवेश देवी को लेकर वैवाहिक कार्यक्रम में गए थे। शाम को तीनों घर लौट रहे थे। बाइक में तेल कम होने के कारण मिंट तेल डलवाने के लिए गांव कलाली स्थित पेट्रोल पंप पर रुक गए। तेल डलवाने के बाद पेट्रोल पंप से अमरोहा की तरफ मुड़ रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने बाइक को रौंद दिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठीं प्रवेश देवी हवा में उछल सड़क पर दूर जाकर गिरीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गुड्डी और मिंटू गंभीर घायल हो गए। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।