अमरोहा मंडी समिति में ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। प्रशासन ने जिले की चारों विधानसभा सीटों की मतगणना के लिए तैयारियों का पूरा खाका खींच लिया है। 30 राउंड तक मतगणना का चक्र चलेगा। राउंड वार परिणाम घोषित किए जाएंगे। मंडी धनौरा विधानसभा सीट की मतगणना 30, नौगांवा सादात की 29, हसनपुर विधानसभा की 28 व अमरोहा सदर विधानसभा की मतगणना 26 राउंड तक चलेगी। मतगणना के लिए 56 टीमें लगाई जाएंगी।
विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जनपद में 14 फरवरी को संपन्न हुआ था। हसनपुर, मंडी धनौरा, नौगांवा सादात और अमरोहा के 43 प्रत्याशी की किस्मत ईवीएम में कैद है। अब 10 मार्च को अमरोहा मंडी समिति परिसर में विधानसभा चुनाव के मतदान की मतगणना होगी। इस दिन कौन-कौन जनता के रहनुमा होंगे, इसकी घोषणा हो जाएगी। मतगणना के लिए विधानसभा क्षेत्रवार 15-15 टेबल लगाई जाएंगी। इसमें एक टेबल आरओ की शामिल रहेगी। इसके अलावा पोस्टल बैलेट की गणना के लिए एक अतिरिक्त टेबल भी मतगणना स्थल पर लगाई जाएगी।
राउंडवार परिणाम चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। मतगणना के लिए 56 टीमें लगाई जाएंगी। इससे पहले मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम से ईवीएमओं को विधानसभा क्षेत्र वार बने टिनशेड में लाया जाएगा। इसके बाद टेबल वार ईवीएमओं में वोटों की गिनती होगी।