रंजिश के चलते खेत में रखीं मधुमक्खियों की तीस पेटियों में आग लगा दी गई। घटना में शहद कारोबारी को भारी नुकसान हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गांव के रहने वाले युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह घटना अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के अली मोहम्मदपुर उर्फ मालीखेड़ा गांव की है। यहां पर जसराम सिंह का परिवार रहता है। उनका बेटा सुनील कुमार मधुमक्खी पालन कर शहद का कारोबार करता है। उसका आरोप है कि मधुमक्खी की पेटियां गांव के रहने साहब सिंह के खेत में रखी हुई थीं, लेकिन 12 जून की दोपहर करीब एक बजे गांव के रहने वाले बबलू ने मधुमक्खियों की 30 पेटियों में आग लगा दी। जिससे उसे भारी नुकसान हो गया। पीड़ित सुनील कुमार शिकायत करने बबलू के घर पहुंचा तो गाली गलौज की गई। लिहाजा उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर बबलू के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।