अमरोहा। टीकाकरण में सोमवार को जनपद के सारे रिकॉर्ड टूट गए। यहीं नहीं टीकाकरण के लिए रखे गए लक्ष्य को पार कर दिया है। शाम तक चले टीकाकरण अभियान में 26 हजार लोगों को टीका लगाकर नया रिकार्ड बनाया गया है। इससे पहले एक दिन में 12 हजार लोगों द्वारा टीकाकरण कराने का रिकॉर्ड था।
सरकार की और से सोमवार को टीकाकरण के लिए विशेष महाअभियान चलाया गया। जनपद में भी 22500 हजार टीकाकरण का लक्ष्य जिला प्रशासन को दिया गया था। इसके लिए जनपद में भी अभी तक सबसे अधिक 136 टीकाकरण केंद्र बनाए गए। सुबह नौ बजे शुरू किए गए टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य कर्मी मैदान में उतरे। टीकाकरण के लिए भी पर्याप्त मात्रा में डोज उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में लोग टीकाकरण कराने के लिए पहुंचे। केंद्रों पर टीकाकरण शाम पांच बजे तक चलता रहा। स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत के बल पर जिला प्रशासन की ओर से दिए गए लक्ष्य से भी अधिक लोगों को टीके लगाए गए। सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को 26668 लोगों को टीका लगाया गया है, जो लक्ष्य से अधिक 4168 लोगों ने टीका लगवाया है। सोमवार को हुआ टीकाकरण का प्रतिशत 118 रहा है।