अमरोहा। गजरौला पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर को चंडीगढ़ से चोरी की गई कार और मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी कुख्यात अपराधी है। जिस पर लूट, चोरी, नकबजनी और दुष्कर्म के अट्ठारह मामले दर्ज हैं। फिलहाल वह गजरौला के किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
गुरुवार को पुलिस ऑफिस में खुुलासा करते हुए डा. विपिन ताडा ने बताया कि एएसपी बृजेश सिंह और सीओ मोनिका यादव के निर्देशन में बुधवार की रात इंस्पेक्टर नीरज कुमार गजरौला-हसनपुर रोड पर चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने चौपला की दिशा से आ रही एक होंडा सिटी कार को चेकिंग के लिए रोका, लेकिन चालक गाड़ी को तेज रफ्तार में लेकर भागने लगा। पुलिस की घेराबंदी देखकर चालक कार से उतरकर भागने लगा। इस दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अबरार खां निवासी गांव भवीपुर थाना इस्लाम नगर जनपद बदायूं हाल निवासी जीरकपुर थाना जीरकपुर जनपद मोहाली पंजाब बताया। उसके कब्जे से चंडीगढ़ से चोरी हुई कार और 300 ग्राम चरस बरामद हुई। एसपी के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त अंतर्राज्यीय चोर होने के अलावा बेहद किस्म का अपराधी है। जिस पर चंडीगढ़, पंजाब और अमरोहा के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, नकबजनी, लूट और बलात्कार आदि संगीन 18 मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।