गजरौला (अमरोहा)। रानीखेत एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से ढाई घंटे तक ट्रेन गजरौला में फंसी रही। अन्य ट्रेनें भी उसकी वजह से लेट हो गईं। ट्रेन में रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी सवार थे। ट्रेन सही होने में देरी पर उनका गुस्सा फूट गया। परीक्षा स्थल पर पहुंचने में देरी होने पर हंगामा किया। ढाई घंटे बाद नया इंजन आने पर उसे रवाना किया गया।
बुधवार रात करीब 2.20 बजे महेशरा के पास रानीखेत एक्सप्रेस का इंजन फेल हुआ। किसी तरह उसे गजरौला तक लाया गया। यहां उसे रोक दिया गया। 4.50 बजे दूसरा इंजन मुरादाबाद से आया जिसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान कोच में सवार रेलवे ग्रुप-डी के अभ्यर्थी स्टेशन पर उतर गए। इंजन पहुंचने पर देरी होने में उन्होंने स्टेशन पर हंगामा कर दिया। किसी तरह उन्हें शांत किया गया। उन्होंने परीक्षा में देरी से पहुंचने का हवाला देकर खूब हंगामा काटा। मुरादाबाद से नया इंजन आने पर ट्रेन को रवाना किया गया। इसके चलते लखनऊ मेल, श्रमजीवी एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, और फैजाबाद दिल्ली एक्सप्रेस प्रभावित रहीं। फैजाबाद एक्सप्रेस 5.12 बजे गजरौला पहुंची। लाइन क्लीयर न होने के कारण उसे 40 मिनट गजरौला रेलवे स्टेशन पर रोककर रखा गया। 5.55 बजे ट्रेन रवाना हुई।