संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा। मंडी रोड स्थित गुलड़िया विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 10 हजार उपभोक्ता पिछले दो दिनों से बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। दो दिन पहले बिजली घर का 10 एमबीए ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया, जिसके चलते आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। विभागीय स्तर पर अस्थायी समाधान के तौर पर फीडर बदल-बदल कर बिजली दी जा रही है, लेकिन इससे उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है। गुलड़िया उपकेंद्र से अमरोहा नगर के पक्का बाग, नल नई बस्ती, आवास विकास कॉलोनी, मोतीनगर और मंडी रोड सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की जाती है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण इन सभी क्षेत्रों में बिजली संकट गहरा गया है।
आंधी-बारिश के बाद शुक्रवार को बिजली कर्मियों ने फाल्ट ठीक कर दोपहर करीब तीन बजे आपूर्ति बहाल की थी, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। करीब एक घंटे बाद ही फिर तकनीकी खराबी आ गई और सप्लाई दोबारा बाधित हो गई।
इसके बाद देर शाम तक बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच दिनभर बिजली नहीं रहने से घरों में रहने वाले लोग बेहाल हो गए। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।
वहीं, लगातार बिजली कटौती के कारण घरों और दुकानों में लगे इन्वर्टर और बैटरियां भी जवाब दे गईं। बाजारों में कारोबार भी प्रभावित हुआ और दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा। उपभोक्ता देर शाम तक बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
इस संबंध में एसडीओ ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आई खराबी को ठीक करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। एक्सईएन निखिल वर्मा ने बताया कि एक या दो दिन में ट्रांसफार्मर ठीक हो जाएगा। उपभोक्ता संयम से काम लें।