खेत के बंटवारे के विवाद में शनिवार को एक व्यक्ति ने परिजनों के साथ मिलकर छोटे भाई पर तलवार व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटनास्थल प्रतापगढ़ के अंतू क्षेत्र में होने के कारण वहां की पुलिस के साथ संग्रामपुर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
भूमि विवाद में मारे गए युवक का नाम रामसरन गुप्ता (46) है। संग्रामपुर क्षेत्र के गांव पूरे शीतलाबक्स मजरा पुन्नपुर निवासी राम सरन की मां का गत माह निधन हो गया था। मुंबई में काम कर अपने परिवार का पालन पोषण करने वाला रामसरन मां के निधन की सूचना पर 28 मई को गांव लौटा था। मां की मौत के बाद रामसरन और उसके बड़े भाई रामखेलावन के बीच भूमि बंटवारे का विवाद शुरू हो गया।
परिजनों के मुताबिक रामखेलावन ने बंटवारे की बात कहकर शनिवार को रामसरन को खेत में बुलाया था। रामसरन अपने पुत्र आदित्य के साथ गांव से लगे प्रतापगढ़ के अंतू क्षेत्र में पड़ने वाले अपने खेत पहुंचा। पत्नी मालती के मुताबिक खेत में पहले से तलवार व कुल्हाड़ी लेकर बैठे रामखेलावन, अपनी पत्नी उर्मिला, पुत्र पिंटू व पुत्र बधू सीमा ने रामसरन पर हमला बोल दिया। पिता पर हमला होते देख आदित्य शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागा। शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
ग्रामीणों को आते देख रामखेलावन व उसके परिवार के लोग भाग निकले। गंभीर रूप से घायल रामसरन को परिवारीजन एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। राम सरन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने अंतू पुलिस के साथ संग्रामपुर पुलिस को दी। घटनास्थल प्रतापगढ़ के अंतू क्षेत्र में होने की वजह से वहां की पुलिस रामसरन की पत्नी मालती की तहरीर पर राम खेलावन, उर्मिला, पिंटू व सीमा के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
अंतू पुलिस के मेमो के आधार पर संग्रामपुर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सीओ अर्पित कपूर ने बताया कि केस अंतू थाने में दर्ज हुआ है। पूरे प्रकरण में अंतू पुलिस के सहयोग के लिए संग्रामपुर प्रभारी निरीक्षक को कार्रवाई करने का निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक रामसरन के परिवार पत्नी मालती, पुत्री कोमल, सोनम और पुत्र आदित्य है।