3 : अमेठी : बीएलओ की बैठक को संबोधित करते तहसीलदार। -संवाद
- फोटो : AMETHI
अमेठी। विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में लगे बीएलओ एवं सुपरवाइजर को वोटर हेल्पलाइन एप तथा गरुड़ एप का प्रशिक्षण दिया गया। बृहस्पतिवार को ब्लॉक भेटुआ व संग्रामपुर के सभी बीएलओ व सुपरवाइजर शामिल हुए। सभी को ऐप डाउनलोड करने के साथ ही ऑनलाइन सत्यापन आदि की बारीकियां बताई गईं।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर इन दिनों विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। बृहस्पतिवार को तहसीलदार बृजमोहन की अध्यक्षता में ब्लॉक भेटुआ व संग्रामपुर के बीएलओ तथा सुपरवाइजर को तहसील सभागार में प्रशिक्षित किया गया।
बीएलओ एवं सुपरवाइजर को वोटर हेल्पलाइन ऐप तथा गरुड़ एप डाउनलोड करने की जानकारी दी गई। तहसीलदार ने उक्त कर्मियों को गरुड़ एप के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन करने, मतदाता सूची में जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो दुरुस्त करने की विधि बताई।
अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं एवं दिव्यांग मतदाताओं का सत्यापन करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ज्यादातर बूथों पर मतदाता सूची में खामियां मिल रही हैं। जिसे संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजर द्वारा मौके पर जाकर दुरुस्त कराया जाए। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि उक्त कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही उजागर होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।