गौरीगंज (अमेठी)। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर क्रॉसिंग के नाम पर अब ट्रेनों के संचालन में बाधा नहीं आएगी। चार चरण में अमेठी से रायबरेली तक रेल लाइन दोहरीकरण व विद्युतीकरण कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी मिल गई है। रूपामऊ- रायबरेली के बीच मंगलवार को ट्रायल कार्य पूरा होने के साथ ब्लॉक अवधि भी समाप्त हो गई। जल्द ही सभी ट्रेनों का संचालन नियमित होगा।
रेल यात्रा को सुगम व समय से कराने के लिए रेल विभाग ने पिछले वित्तीय वर्ष में रायबरेली से अमेठी के बीच रेल लाइन दोहरीकरण व विद्युतीकरण कार्य को मंजूरी प्रदान करते हुए धनावंटन किया था। धनावंटन के बाद रेल विकास निगम ने पहले चरण में अमेठी-गौरीगंज के बीच, पांच मार्च 2020 को दूसरे चरण में गौरीगंज से जायस, 13 अक्टूबर को तीसरे चरण में जायस से रूपामऊ व 26 जून को अंतिम चरण में रायबरेली-रूपामऊ के बीच कार्यदायी संस्था रेल विकास निगम लिमिटेड ने कार्य पूरा किया तो मंगलवार को रेल संरक्षा आयुक्त नेे ट्रायल कार्य पूरा किया।
ट्रायल के बाद से अमेठी से रूपामऊ व गंगागंज के लखनऊ के बीच अब तक दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन हो रहा था। मंगलवार से अमेठी से लखनऊ के बीच दोहरीकरण ट्रैक पर ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी मिल गई है। 31 अगस्त से 14 सितंबर तक रूपामऊ-रायबरेली व रायबरेली-गंगागंज के बीच अवशेष कार्य पूरा करने के लिए ब्लॉक आदेश जारी करते हुए सात जोड़ी ट्रेनों का संचालन निरस्त तो तीन जोड़ी ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया था। ब्लॉक अवधि पूरी होन के बाद ट्रेनों का संचालन अब नियमित होगा।
नहीं झेलना होगा क्रॉसिंग का बहाना
अमेठी-लखनऊ के बीच दोहरीकरण ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू होने से अब ट्रेनों की क्रॉसिंग के नाम पर विलंब नहीं होगा तो ट्रेन समय से गंतव्य तक पहुंचेंगी। दोहरीकरण ट्रैक पर ट्रेन का संचालन नियमित होने के बाद यात्रियों की रेल यात्रा आसान होगी। विभाग को संचालन में परेशानी से भी निजात मिलेगी।
इन ट्रेनों का शुरू हुआ संचालन
रेल संरक्षा आयुक्त की ओर से ट्रैक का ट्रायल होने के बाद मंगलवार को अप/डाउन इंटरसिटी के साथ अप पंजाब मेल संचालित हुई। ब्लॉक अवधि में निरस्त अर्चना एक्सप्रेस, कोलकाता-आगरा एक्सप्रेस, पंजाब मेल, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी, लोकमान्य तिलक-प्रतापगढ़, यशवंतपुर एक्सप्रेस, न्यू यशवंतपुर तथा नीलाचंल एक्सप्रेस (सभी ट्रेनें अप-डाउन) का संचालन बुधवार से नियमित समय से निर्धारित दिन पर कर दिया गया है।
मिलेगी सुविधा : स्टेशन अधीक्षक
स्टेशन अधीक्षक बाबूलाल मीना ने अमेठी-लखनऊ के बीच रेल ट्रैक के दोहरीकरण व विद्युतीकरण कार्य पूरा होने तथा रेल संरक्षा आयुक्त के ट्रायल के बाद ट्रेनों के संचालन की अनुमति मिलने की पुष्टि की। अधीक्षक ने बताया कि दोहरीकरण ट्रैक संचालित होने के बाद ट्रेनों का संचालन समय से होगा। यात्रियों के साथ ट्रेनों के संचालन में विभाग को सुविधा होगी।