अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के कुर्मिन का पुरवा गांव में शनिवार रात आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में डांस कर रही युवती के पास पहुंचे युवक ने अचानक तमंचा निकालकर हवाई फायर झोंक दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कुर्मिन का पुरवा मजरे महमदपुर स्थित रामधर बाबा के स्थान पर दुर्गा पूजा पंडाल सजाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार कई गांव के युवाओं द्वारा चंदा इकट्ठा कर उक्त स्थान पर शनिवार रात आर्केस्ट्रा का प्रोग्राम आयोजित किया गया था।
रात में आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। आर्केस्ट्रा ग्रुप से जुड़ी एक युवती डांस कर रही थी इसी बीच अचानक मंच पर पहुंचे एक युवक ने अपनी कमर से तमंचा निकालकर हवा में फायर झोंक दिया। फायर करने के बाद युवक हाथ में तमंचा लिए नीचे उतर आया। बाद में दोबारा मंच पर चढ़कर युवक ने डांसर के साथ डांस भी किया।
रविवार को वायरल हुए एक वीडियो में दिख रहा है कि डांस करते-करते युवक दोबारा मंच से उतरकर तमंचा दूसरे युवक को दे रहा है। ग्रामीणों के अनुसार आधी रात में स्टेज पर डांस करने को लेकर मारपीट भी हुई। हालांकि ग्रामीण किसी का नाम लेने को तैयार नहीं है।
हो रही जांच
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी है। कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। फायरिंग करने वाले युवक की पहचान करा कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।