गौरीगंज (अमेठी)। बागवानी के साथ सब्जी व फल की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए उद्यान विभाग विभिन्न योजनाएं संचालित करता है। विभाग सब्जी की खेती को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग स्थानों पर कैंप आयोजित कर प्रमाणित बीज के मिनी किट का वितरण करा रहा है। इस दौरान किसानों को विभागीय योजनाओं के साथ सब्जी की खेती से आय बढ़ाने की जानकारी भी दी जा रही है।
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत शासन के निर्देश पर जिले में सब्जी की खेती को प्रोत्साहित करने में उद्यान विभाग जुटा है। सब्जी के प्रमाणित बीज की मिनी किट मिलने के बाद शुक्रवार को योजना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने शाहगढ़ ब्लॉक के लोहंगपुर समेत कई गांवों में कैंप लगाया।
कैंप में किसानों को विभागीय योजनाओं के साथ केला, आम, अमरूद व पपीता की बागवानी करने तथा सिंचाई के लिए स्प्रिंकलर संयंत्र का प्रयोग करने की अपील करते हुए मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी गई।
योजना प्रभारी ने किसानों से सब्जी की खेती कर आय बढ़ाने का टिप्स देते हुए मिनी किट का वितरण किया। योजना प्रभारी ने बताया कि मिनी किट में टमाटर, बैगन, हरी मिर्च व गोभी समेत आठ प्रकार की सब्जियों के बीज मौजूद हैं। किसानों को मिनी किट अनुदान पर मात्र 20 रुपये प्रति किट की दर से वितरित की जा रही है। मिनी किट प्राप्त करने के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड देना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि कैंप के अतिरिक्त अमेठी स्थित राजकीय बीज गोदाम या विकास भवन स्थित कार्यालय से निर्धारित शुल्क जमा कर बीज का मिनी किट प्राप्त कर सकते हैं। कैंप में विभागीय कर्मियों के साथ बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।