सुजानपुर प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करतीं सीडीओ। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। स्थानीय ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुजानपुर के दिन जल्द ही बहुरेंगे। सीडीओ ने सांसद के गोद लिए उक्त गांव का निरीक्षण कर वहां सुविधाएं मुहैया कराने का खाका खींचा है। गांव के परिषदीय स्कूल परिसर में खेल का मैदान, पुस्तकालय, स्कूल की बाउंड्रीवॉल व गांव में सीसी सड़क निर्माण आदि कराने का निर्देश दिया है।
अमेठी सांसद/केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सुजानपुर गांव को गोद लिया है। सांसद के गांव गोद लेने के बावजूद वहां सुविधाओं का टोटा है। सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर ने गांव का निरीक्षण कर विकास का खाका तैयार किया है। सीडीओ ने बताया कि गांव में एक ही परिसर में प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित होता है। स्कूल के पास पर्याप्त भूमि है।
कहा कि 30 लाख रुपये की लागत से स्कूल परिसर की बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जा रहा है। बाउंड्रीवॉल निर्माण के बाद परिसर में खेल मैदान विकसित किया जाएगा। परिसर में ही गांव के बच्चों के लिए पुस्तकालय खोला जाएगा।
दस-दस लाख रुपये की लागत से दो इंटर लॉकिंग सड़कों का निर्माण जल्द ही शुरू कराया जाएगा। इसके साथ ही गांव के चहुंमुखी विकास के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है। गांव में सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। गांव में संचालित स्वास्थ्य उपकेंद्र को और बेहतर करने के लिए सीएमओ को निर्देश दे दिया गया है।
सोख्ता व खाद गड्ढा से आच्छादित हो रहा गांव
सीडीओ ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव में पानी की बर्बादी रोकने तथा साफ-सफाई के लिए अभियान के तहत काम चल रहा है। गांव में पर्याप्त मात्रा में सोख्ता गड्ढा तथा खाद गड्ढे का निर्माण कराया जा रहा है। इससे जहां बर्बाद हो रहे पानी का संचय हो सकेगा वहीं गांव में साफ-सफाई भी रहेगी।