गौरीगंज (अमेठी)। संसदीय क्षेत्र के रेलवे से जुड़ी सुविधाओं में जल्द ही बढ़ोतरी की उम्मीद है। सोमवार को लखनऊ में रेलवे की जोनल मीटिंग में केंद्रीय मंत्री के पीआरओ ने ट्रेन संचालन, ठहराव, नई रेल लाइन निर्माण के साथ कई अन्य सुविधाओं की बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा। केंद्रीय मंत्री के प्रस्ताव को जल्द रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
कोविड संक्रमण काल से बंद पड़ीं कई जोड़ी ट्रेनों के साथ मुख्यालय में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने की जानकारी के बाद केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी सक्रिय हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री ने संसदीय क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं में बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार करवाने के बाद सोमवार को लखनऊ में रेलवे की जोनल मीटिंग में पीआरओ विजय गुप्ता के माध्यम प्रस्ताव दिया है।
केंद्रीय मंत्री की ओर से दिए गए प्रस्ताव में 2013 में की शाहगंज-अमेठी-वाया सलोन ऊंचाहार रेल परियोजना को शुरू कराने, गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर अप/डाउन अर्चना एक्सप्रेस, उद्योग नगरी एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, यशवतंपुर-लखनऊ एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इतना ही नहीं प्रस्ताव में लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर रेभा में अंडर ब्रिज निर्माण के साथ ही बंद पड़ी ट्रैक की सभी एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेन संचालित करने, बरेली-प्रयाग को मुगलसराय स्टेशन तक संचालित करने, लखनऊ-निहालगढ़-सुल्तानपुर रेल ट्रैक पर लखनऊ से वाराणसी चलने वाली वरुणा एक्सप्रेस संचालित करने, निहालगढ़ में राजेंद्र नगर-इंदौर एक्सप्रेस का ठहरवा करने, गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर आरक्षण अवधि शाम आठ बजे करने की मांग की है।
पद्मावत एक्सप्रेस में अतिरिक्त वातानुकूलित श्रेणी के डब्बे के साथ अमेठी या गौरीगंज में पार्सल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रस्ताव में जायस नगर के मध्य स्थित कासिमपुर हाल्ट को जायस सिटी के रूप में उच्चीकरण करते हुए प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने व उपरिगामी पुल बनाने के साथ बंद चल रही डेमो व शटल पैसेंजर को पुन: संचालित करने की मांग की है। केंद्रीय मंत्री के प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
मंत्री के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद संसदीय क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी सुविधाएं बेहतर होंगी तो लोगों को रेल यात्रा में सहूलियत मिलेगी। केंद्रीय मंत्री के पीआरओ विजय गुप्ता ने रेल बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव देने की बात कहते हुए कहा कि जल्द ही सुविधा में बढ़ोतरी होगी।