गौरीगंज (अमेठी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर सपा और कांग्रेस पर परिवारवाद को लेकर निशाना साधा है। कौहार में आयोजित जनसभा में बृहस्पतिवार को उन्होंने कहा कि इन दलों की वोट बैंक व परिवारवाद की राजनीति देश के लिए घातक है। भ्रष्टाचार, आतंकवाद, माफियावाद व जातिवाद समेत तमाम मुद्दों पर पीएम ने दोनों दलों को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता 10 मार्च को रंगों वाली होली मनाने के लिए तैयार है।
कौहार में जनसभा के लिए बनाए गये मंच पर 1:15 बजे पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1:30 बजे अपना भाषण शुरू किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अमेठी और सुल्तानपुर के लोग जब प्यार देते हैं तो जम कर देते हैं। आज भी मैं वही सनेह वही अनुराग वही अपनापन अनुभव कर रहा हूं। इसके लिए मैं बहुत-बहुत आभारी हूं। उत्तर प्रदेश में चुनाव के चार चरण पूरे हो चुके हैं।
चारों ही चरणों में लोगों ने एकजुट होकर बीजेपी को अपना आशीर्वाद दिया है। जो घर-परिवारवादी सूत्र है कि यूपी के लोग बंट जाएंगे, बिखर जाएंगे। देश हित को भूल जाएंगे। उत्तर प्रदेश के हितों को भूल जाएंगे। अपने इलाकों के हितों को भूल जाएंगे। उन सब के सारे गणित उल्टे पड़ गये हैं। पूरी सच्चाई का पता 10 मार्च को लग जाने वाला है। इस बार उत्तर प्रदेश रंगों वाली होली 10 मार्च को ही मनाना शुरू कर देगा।
अमेठी सुल्तानपुर के लोग जानते हैं कि परिवारवादियों को हमेशा से यह दिक्कत रही है।
यह लोग जमीनी हकीकत से दूर हैं। आसमान में हैं कि जमीन पर क्या चल रहा है। इन्हें दिखाई नहीं देता। आज दशकों बाद यूपी में ऐसा चुनाव हो रहा है जब कोई सरकार अपने किए विकास कार्यों के आधार पर। गरीबों के हित में किए गये कार्यों के आधार पर आपसे वोट मांग रहा है। बरसों बाद ऐसा हुआ है कि यूपी की सरकार सुधरी हुई कानून व्यवस्था पर वोट मांग रहा है। बरसों के बाद ऐसा हुआ है जब यूपी में यूपी में दंगे रुके हैं। अपराधियों की हिम्मत पस्त हुई है। बरसों बाद ऐसा हुआ है जब मुख्यमंत्री अपने परिवार को आगे बढ़ाने व भ्रष्टाचार का आरोप नहीं झेल रहा है। इस चुनाव के मैदान में जेल नहीं रहा है। बरसों बाद ऐसा हुआ है जब गरीब मध्यम वर्ग खुद आगे आकर कह रहा है आएगी तो एनडीए ही। आएंगे तो मोदी ही आएंगे तो योगी ही।
यह जो परिवार वाले लोग होते हैं। वह सत्ता में इसलिए आना चाहते हैं ताकि अपनी और अपने परिवार की ताकत बढ़ा सकें। राजा महाराजा की तरह आप पर राज कर सकें। हमें किसी ताकत के लिए सत्ता नहीं चाहिए। हमारी ताकत कोई बाहुबली या माफिया नहीं है। हमारी ताकत उत्तर प्रदेश की जनता है। उत्तर प्रदेश का गरीब है। लोग देख रहे हैं कि कैसे पिछले पांच सालों में भाजपा सरकार ने उसकी भलाई के लिए काम किया है। वह जानता है हर सुख दुख में हमारी सरकार उनके साथ खड़ी रही है। वह जानता है सरकार की योजनाओं का लाभ देने में हम कभी भी न जाति देखते हैं न मजहब। हम सिर्फ इमानदारी से जो भी गरीब हैं, जो भी योजना का हकदार है उसकी आवश्यकता की पूर्ति का प्रयोग करते हैं। इसीलिए आज यूपी के लोग भाजपा को दिल से अपना आशीर्वाद दे रहे हैं।
आज मेरे जीवन का विशेष दिन
पीएम ने कहा कि आज का दिन (24 फरवरी) मेरे जीवन का विशेष दिन है। क्योंकि आज ही पीएम किसान सम्मान निधि को तीन साल पूरे हुए हैं। जब 2019 में जब यह योजना शुरू की थी कई लोग अफवाह फैला रहे थे। भ्रम फैला रहे थे। कह रहे थे कि यह 2019 के चुनाव के पहले मोदी लाया है। एक बार चुनाव हो जाएगा फिर मोदी बंद कर देगा। कुछ हमारे विरोधी लोग हैं जो इसे दिन रात इसको चला भी रहे थे। हम जो काम करते हैं। सोच समझकर कर करते हैं। ईमानदारी से करते हैं। लोगों की भलाई के लिए करते हैं। एक और बात भी बताना चाहता हूं आज से 20 साल पहले 24 फरवरी की तारीख थी जब मैं पहली बार विधायक बना था। पहली बार अचानक चुनाव के मैदान में आना पड़ा था और राजकोट के लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिया। चुनावी दुनिया में आने के बाद जिस तरह यूपी ने मुझे अपना लिया। मां गंगा ने मुझ पर जिस प्रकार कृपा बरसाई। आप लोगों ने मुझे गले लगाया। इससे बड़ा जीवन में कोई सौभाग्य नहीं होता आपका यह स्नेह, आपका आशीर्वाद मेरे जीवन की बहुत बड़ी पूंजी है।
कोविड टीकाकरण पर भी घेरा
पीएम ने कहा कि यूपी में आपको ऐसा परिवार खोजना मुश्किल होगा जिसकी हमारी सरकार ने सेवाभाव से सहायता न की हो। आज यूपी के 16 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली व 12 करोड़ रोगों को दूसरी डोज मुफ्त लग चुकी है। पूछा, क्या आपको भी टीका लग गया। इसी वैक्सीन ने कोरोना वायरस से लडने की ताकत हर एक नागरिक को दी है। इसी के कारण आज दुकानें खुली हैं। व्यापार खुला है। कॉलेज खुले हैं। फैक्टरी खुली है। साथियों इन परिवार वादियों का वैक्सीन को लेकर जो रवैया रहा है वह भी पूरे उत्तर प्रदेश पूरे देश ने देखा है। इन लोगों ने भारत में बनी वैक्सीन को बदनाम करने की पूरी कोशिश की। यहां तक कह दिया यह भाजपा की वैक्सीन है। यह लोग नहीं चाहते थे कि लोग वैक्सीन लगवाएं। जिससे कोरोना का हमला होता रहे। लोग मुसीबत में फंसते रहें। मोदी-योगी बदनाम होते रहें। लोगों से पूछा क्या यह सोच अच्छी है। क्या ऐसे लोगों को माफ किया जा सकता है। उन्होंने गुनाह किया है कि नहीं किया। ऐसे गुनहगारों को आपका वोट मांगने का हक है। लेकिन इन लोगों की इज्जत इतनी जमीन पर है। इनकी विश्वसनीयता इतनी खराब है कि खुद इनकी पार्टी के लोगों ने, इनके कार्यकर्ताओं ने भी इनकी बात नहीं सुनी। वैक्सीन लगवा ली।
नंबर आने पर मैंने लगवाई वैक्सीन
पीएम ने कहा कि वैक्सीनेशन का पूरा कार्यक्रम नियम कानून के तहत संचालित हुआ। मैंने व मेरी 100 साल की बुजुर्ग मां ने भी तब वैक्सीन लगवाई जब नंबर आया। वैक्सीन सबसे पहले उन्हें लगी जिन्हें इसकी सर्वाधिक आवश्यकता थी। मोदी योगी की जगह परिवारवादी होते तो पहले यह वैक्सीन उनके परिवार को लगती।
मुफ्त राशन व उज्जवला का जिक्र
मोदी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने प्रदेेश वासियों को मुफ्त राशन दिया। 1.65 करोड़ परिवारों को उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस सिलेंडर दिया। 34 लाख से अधिक परिवारों को पक्का आवास दिया। जो आवास दिया प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के उनका मालिकाना हक दिया। पक्की घरौनी दी। अब कोई आपके हक की जमीन को छू तक नहीं सकेगा।
क्योंकि इनके दिल में खोट
पीएम ने कहा कि अमेठी सुल्तानपुर के अलावा पूरा प्रदेश व देश दो चीजों से परेशान है। पहला वोट बैंक की राजनीति दूसरा परिवारवाद। यह दल इन बातों की चर्चा नहीं करते। क्योंकि इनके दिलों में खोट है। परिवारवाद के पोषक सपा व कांग्रेस की इस खोट ने देश को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। पीएम ने कहा कि दोनों दलों की वोट बैंक की राजनीति इनकी मजबूरी है। इन्हें देश नहीं वोट बैंक की चिंता रहती है। यह दल वोट बैंक के लिहाज से फैसले लेते हैं। नियम कानून बनाते हैं। सेना के जवानों व पुलिस कर्मियों का अपमान करते हैं। इससे इनका वोट बैंक और मजबूत होता है। इन दलों मेें उन्हीं को मौका मिलता है जो परिवारवाद को नमन करते हैं। इनके यहां सरकार चलाने का फार्मूला होता है। वोट बैंक के हिसाब से मंत्री बनाए जाते हैं। मंत्री चाहे जो हो जिला परिवार वाले चलाते हैं। अपने परिवार वालों को जिला बांट देते हैं। अफसर इनके परिवार वालों की सुनते हैं। विभाग भी बंटे होते हैं। कोई खनन देखता है तो कोई हेल्थ। फाइलें भी इन्हीं की हां पर स्वीकृत होती हैं।
सीरियल बम ब्लास्ट की चर्चा
पीएम ने जनसभा में गुजरात के अहमदाबाद में 2008 में हुए बम ब्लास्ट का जिक्र किया। कहा कि इस ब्लास्ट में 56 लोगों की मौत हुई। अरसा बाद गुजरात की अदालत ने 38 लोगों को फांसी की सजा सुनाई। इस निर्णय से आपको न्याय मिला। हालांकि अन्य पार्टियों ने वोट बैंक के लिहाज से कोर्ट के इस निर्णय का भी स्वागत नहीं किया। क्या आपको लगता है कि गुनहगारों पर रहम करने वालों पर आपको रहम करना चाहिए। इससे देश का नुकसान होता है।
अमेठी की उपलब्धियों का जिक्र
पीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने अमेठी के 60 हजार लोगों को प्रधानमंत्री आवास दिया। दो लाख लोगों को प्रसाधन दिया। मेडिकल कॉलेज दिया। पुलिस लाइन और फायर स्टेशन दिया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे दिया। इससे बड़े बाजार तक आसानी से सामान पहुंच सकेगा। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। रायफल फैक्टरी शुरू की। जिससे पूरी अमेठी का नाम रोशन हो सके। परिवारवादी यही नहीं चाहते। क्या आप चाहते हैं कि ऐसी सरकार बने जो केंद्र की योजनाओं को लागू नहीं होने दे। आप लोग भाजपा को वोट दें। समर्थन दें। भाजपा प्रत्याशियों के अलावा अपना दल व निषाद पार्टी के प्रत्याशियों को भी विजयी बनाएं।
एक साथ दिखे मेनका गांधी व संजय सिंह
नरेंद्र मोदी की जनसभा में करीब 40 वर्ष बाद एक मंच पर भाजपा की सांसद मेनका संजय गांधी और अमेठी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजय सिंह एक साथ दिखे। हालांकि मेनका संजय गांधी जब मंच पर पहुंचीं तो भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह मंच पर सामने लगी एक कुर्सी छोड़कर पहले से बैठे थे। जैसे वह अपनी निर्धारित कुर्सी पर पहुंचीं तो संजय सिंह ने खड़े होकर अभिवादन किया लेकिन वह सिर्फ औपचारिक दिखा। रैली में मेनका गांधी और डॉ. संजय सिंह के एक मंच पर होना चर्चा का विषय रहा।
पास बैठे दिखे मयंकेश्वर व सुरेश पासी
भाजपा प्रत्याशी जगदीशपुर सुरेश पासी और तिलोई से भाजपा प्रत्याशी मंयकेश्वर शरण सिंह के बीच काफी दिनों से खींचतान चली आ रही थी। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद माला शांत हुआ लेकिन दोनों मंच पर अगल अलग नहीं बैठेते थे। बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में मंच पर सुरेश पासी और मयंकेश्वर शरण सिंह अगल बगल बैठे दिखाई पड़े। सभा में दोनों विधानसभाओं से आए दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच चर्चा का विषय रहा।
विधानसभा चुनाव में पहली बार दिखीं स्मृति
विधानसभा चुनाव शुरू होने के बाद स्थानीय सांसद/केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बृहस्पतिवार को पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में पहुंचीं। मंच पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कुछ भाजपा प्रत्याशियों के बीच दूरी दिखी। मंच पर औपचारिक रूप से भी कुछ प्रत्याशियों और सांसद के बीच अभिवादन व अन्य गतिविधि नहीं दिखी जो चर्चा का विषय रही।
सिर्फ दो प्रत्याशियों को बोलने का मौका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी जनसभा में अमेठी व सुलतानपुर संसदीय क्षेत्र की 10 विधानसभाओं से भाजपा प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ शमिल हुए थे। मंचासीन भाजपा के 10 प्रत्याशियों में मात्र सलोन प्रत्याशी अशोक कोरी और गौरीगंज प्रत्याशी चंद्र प्रकाश मटियारी को ही बोलने का मौका मिला। जनसभा में अन्य प्रत्याशियों को मंच से संबोधन का मौका नहीं मिल सका उनको जनसभा में मायूसी हाथ लगी।
पीएम ने नहीं लिया किसी प्रत्याशी का नाम
कौहार में आयोजित चुनावी जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेठी व सुलतानपुर से आए 10 विधानसभाओं के किसी भी प्रत्याशी का एक बार भी नाम नहीं लिया। पीएम ने अपना भाषण समाप्त करने के बाद सभी प्रत्याशियों के साथ खड़े होकर मंच हाथ उड़ाकर जनता से समर्थन मांगा।
लोगों ने उखाड़ लिए झंडे-कटआउट
चुनावी जनसभा के दौरान सभा स्थल व सड़क के किनारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बड़े कटआउट, पोस्टर व झंडे जगह जगह लगाए गए थे। जनसभा समाप्त होने के बाद भीड़ में कटआउट व झंडे आदि उखाड़ कर ले जाने की होड़ लग गई। कई स्थानों पर लोग इसके लिए आपस में भिड़ते भी दिखे।
मेनका को नहीं मिला बोलने का मौका
चुनावी जनसभा में पीएम के मंच पर मौजूद सुलतानपुर सांसद मेनका संजय गांधी को बोलने का मौका नहीं मिला। अमेठी सांसद स्मृति ईरानी ने पीएम का स्वागत करते हुए जनसभा को संबोधित कर संसदीय क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं।
पीएम के मंच से स्मृति ने कहा........
पीएम नरेंद्र मोदी के आने के बाद चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए स्थानीय सांसद/केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि वर्ष 2014 में इसी मैदान में पीएम की चुनावी जनसभा हुई थी। यहां जीत की नींव रखी गई। वर्ष 2019 में इसी मैदान में हुई जनसभा के बाद पार्टी को विजयश्री मिली। इस बार भी जनता की घोषणा है कि अबकी बार योगी सरकार बनेगी। 50 वर्षों में गांधी परिवार जो कार्य नहीं कर पाया वह पांच वर्षों में अमेठी में किया गया। उन्होंने कहा कि अमेठी में 30 वर्षों से लंबित बाईपास बन रहा है। अमेठी में पांच वर्षों में 15 अरब की योजनाएं, 530 किमी की 255 सड़कें, सैनिक स्कूल, मेडिक कॉलेज देने के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर विकास का नय खाका खींचा गया। उन्होंने गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस परिवार ने अमेठी के लोगों को सिर्फ छला। जायस और कौहार की जमीन हड़पी। चुनाव जब आता है तो राहुल और गांधी परिवार रिश्तों की दुहाई देने आ जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लाल टोपी वाले सिर्फ पीठ में छुरा घोंपने का काम करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने राशन, किसान सम्मान निधि सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को गिनाते हुए भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील की।
मंच पर यह रहे मौजूद
पीएम के मंच का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री व एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ल %राजा बाबू’ और प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी संजय राय ने किया। इस मौके पर अमेठी सांसद स्मृति ईरानी, सुल्तानपुर सांसद मेनका गांधी, गौरीगंज प्रत्याशी चंद्र प्रकाश मटियारी, अमेठी प्रत्याशी डॉ. संजय सिंह, जगदीशपुर प्रत्याशी सुरेश पासी, तिलोई प्रत्याशी मयंकेश्वर शरण सिंह, सलोन प्रत्याशी अशोक कोरी, सुल्तानपुर प्रत्याशी विनोद सिंह, लंभुआ प्रत्याशी सीताराम वर्मा, सदर प्रत्याशी राज बाबू उपाध्याय, कादीपुर प्रत्याशी राजेश गौतम व इसौली प्रत्याशी ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी मौजूद रहे। पार्टी जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी व जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि को भी मंच पर स्थान मिला।
42 : गौरीगंज : कौहार मैदान में प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने उमड़ी भीड़। -संवाद- फोटो : AMETHI
41 : गौरीगंज : कौहार मैदान में जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री। -संवाद- फोटो : AMETHI
43 : गौरीगंज : कौहार मैदान में प्रधानमंत्री का हेलीकॉपट देख खुशी से झूमते लोग। -संवाद- फोटो : AMETHI