11 : अमेठी : संग्रामपुर रोड पर रेलवे अंडरपास में पानी से होकर गुजरते वाहन।
- फोटो : AMETHI
अमेठी। लखनऊ-वाराणसी रेल खंड पर स्थित अमेठी संग्रामपुर को जोड़ने के लिए बना अंडरपास राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना है। अंडर पास में जलभराव की समस्या होने के चलते राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जलभराव से निजात दिलाए जाने की मांग उठाई है।
लखनऊ-वाराणसी रेल खंड स्थित अमेठी संग्रामपुर को जोड़ने के लिए रेलवे अंडरपास बनाया गया है। कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण कार्य के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई। बारिश के दिनों में अंडर पास में जलभराव हो जाता है।
जलभराव होने से आवागमन बाधित हो जाता है। लोगों को कई किलोमीटर की दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने पूर्व में कई बार जनप्रतिनिधियों, जिले के उच्चाधिकारियों एवं रेलवे के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर उक्त समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग उठा चुके हैं।
बावजूद इसके अभी तक समस्या का निस्तारण नहीं हो सका। जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के समाजसेवी ओम प्रकाश दुबे, रज्जू उपाध्याय, रामू सिंह, सदाशिव पांडेय, संतोष मिश्र आदि ने अंडर पास में हो रहे जलभराव की समस्या का निस्तारण कराए जाने की मांग उठाई है।
एसडीएम महात्मा सिंह ने बताया कि बारिश के दिनों में अंडरपास में जलभराव की समस्या बनी रहती है। जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। अस्थाई तौर पर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी। कहा कि अंडरपास के जल निकासी की स्थाई व्यवस्था के लिए रेल अधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।