02 : जगदीशपुर : ट्रामा सेंटर परिसर में निर्मित ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : AMETHI
जगदीशपुर (अमेठी)। कोविड संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए जिले में ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जिला अस्पताल के बाद मंगलवार को जगदीशपुर स्थित ट्रॉमा सेंटर में भी ऑक्सीजन प्लांट शुुुरू कर दिया गया। डीएम ने ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण कर उत्पादन के बारे में जानकारी की।
जगदीशपुर स्थित ट्रॉमा सेंटर में बोइंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट तैयार कराया गया है। प्लांट तैयार होने की जानकारी के बाद मंगलवार को डीएम अरुण कुमार ने अस्पताल व ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मौजूद प्लांट संचालक/ओटी टेक्नीशियन विवेक कुमार ने बताया कि प्लांट की स्टोरेज क्षमता पांच पाउंड (एक हजार लीटर) है। इससे ट्रॉमा सेंटर के सभी 25 ऑक्सीजन बेड पर दस लीटर प्रति मिनट की आपूर्ति हो सकेगी। प्लांट का निरीक्षण करने के बाद डीएम ने अस्पताल में निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति सुविधा वाले 25 बेड के वार्ड में उपचार की व्यवस्थाएं देखीं।
डीएम ने कोविड संक्रमण की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जरूरी संसाधन व दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बताया कि जिले में अब ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। इस दौरान सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे, अस्पताल प्रभारी डॉ. एमके त्रिपाठी, ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. आरएल यादव आदि मौजूद थे।