अमेठी। संग्रामपुर क्षेत्र में रविवार रात एक दलित युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक को बुलाकर ले जाने वाले परिचित पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अमेठी क्षेत्र के पूरे बल्दू मजरे पूरब गांव में हुई घटना में संग्रामपुर क्षेत्र के गांव पूरे तालुकदार मजरे गोरखापुर निवासी धर्मेंद्र कोरी (35) की हत्या कर दी गई। धर्मेंद्र कुछ दिन से पत्नी गीता, पांच वर्षीय पुत्र अंशू व छह माह की बेटी के साथ अपनी सुसराल पूरे बल्दू मजरे पूरब गांव में था।
ससुरालीजनों के अनुसार धर्मेंद्र और संग्रामपुर के आम पोखर मजरे गोरखापुर निवासी जियालाल वर्मा से घनिष्ठता थी। रविवार को धर्मेंद्र को उसकी ससुराल से जियालाल बेरन उखड़वाने के लिए ले गया था। रात करीब 8:30 बजे जियालाल ने ससुरालीजनों व पुलिस को फोन कर बताया कि वह धर्मेंद्र के साथ सरैया संपर्क मार्ग पर पहुंचा ही था कि एक बाइक से आए तीन लोगों ने धर्मेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी और उसको भी मारापीटा।
सूचना पर पहुंची पुलिस को धर्मेंद्र का शव संपर्क मार्ग के किनारे स्थित एक धान के खेत से मिला। सूचना पर सोमवार सुबह सीओ अर्पित कपूर के साथ एसपी दिनेश सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के ससुर रामदुलारे कोरी की तहरीर पर पुलिस ने जियालाल वर्मा के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। राम दुलारे के अनुसार जियालाल ने उसके दामाद की सरैया संपर्क मार्ग पर गोली मारकर हत्या कर दी और पुलिस को मनगढ़ंत कहानी बताकर गुमराह करने का प्रयास किया।
युवक पर एक माह पहले भी हुआ था हमला
परिवारीजनों के मुताबिक धर्मेंद्र पर 28 जून की रात धारदार हथियार हमला हुआ था। इस घटना के दौरान वह घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। इस हमले में धर्मेंद्र को सिर में गंभीर चोट आई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था लेकिन अब तक आरोपी की शिनाख्त नहीं कर पाई थी।