10 : जगदीशपुर : कमरौली में दुर्घटना के बाद मौके पर जमा लोग। -संवाद
- फोटो : AMETHI
जगदीशपुर (अमेठी)। पालपुर कस्बा स्थित पुलिस बूथ के पास किराना की दुकान को सोमवार रात चोरों ने निशाना बनाया। सेंध काट कर दुकान में घुसे चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत का सामान चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह दुकान में सामान बिखरा देख व सेंध कटी देख दुकान मालिक के होश उड़ गए।
निहालगढ़ कस्बा निवासी श्रवण कुमार जगदीशपुर के पालपुर कस्बा स्थित पुलिस बूथ के पास किराना की दुकान संचालित करते हैं। सोमवार रात चोरों ने श्रवण की दुकान को निशाना बनाया। दुकान के पीछे दीवार काट कर अंदर पहुंचे चोरों ने दुकान में से करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया।
मंगलवार सुबह श्रवण ने दुकान खोली तो सामान बिखरा दिखा। दुकान की दीवार कटी देख उनके होश उड़ गए। दुकान में चोरी की सूचना श्रवण कुमार ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मी जांच-पड़ताल करने में जुटे हैं। श्रवण की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद पुलिस चोरों के तलाश में जुटी है।
सोमवार रात को चोरी की एक घटना रानीगंज बाजार में भी हुई। यहां चोरों ने खौंपुर मजरे माहेमऊ निवासी देशराज की मूर्ति की दुकान से इन्वर्टर व बैटरी चोरी कर लिया। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार दुबे ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।