09 : गौरीगंज : थाने में पकड़े गए आरोपियों के साथ पुलिस टीम। -संवाद
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज (अमेठी)। शहर के चौक बाजार में शनिवार देर रात धारदार हथियार से हुए हमले में युवक की मौत के बाद रविवार देर रात चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कोर्ट भेजते हुए मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
स्थानीय थाने के पूरे तेजी मिश्रौली वार्ड निवासी अंकित पांडेय (25) एक विवाद में हुई मारपीट के दौरान शनिवार देर रात बताशा मंडी के पास घायल हो गया था। बाद में इलाज के दौरान उसकी ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई थी। रविवार शाम अंकित का अंतिम संस्कार करने के बाद पिता रवींद्र प्रताप पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया।
पिता की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार शनिवार रात उनका पुत्र सामान खरीदने चौक बाजार गया था। इसी दौरान बताशा मंडी के पास चार युवकों ने धारदार हथियार से अंकित पर हमला बोल दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के हालत नाजुक देख रेफर कर दिया। अंकित को उपचार के लिए लखनऊ ले जाया गया जहां उपचार के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। अंकित की मौत के बाद लखनऊ में शव का पोस्टमार्टम कराया गया था।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने रौजा गांव निवासी सगे भाई अक्षय तिवारी, अभय तिवारी व अंकित तथा अक्षय के चाचा खेमचंद्र तिवारी उर्फ गब्बर के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने पहले से हिरासत में लिए गए चारों आरोपियों का चालान कोर्ट भेज दिया है। आरोपियों का चालान भेजने के बाद पुलिस पूरे मामले की विस्तृत छानबीन में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि गहन जांच के बाद आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।