गौरीगंज (अमेठी)। जिले में अपराध नियंत्रित कर कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए शुक्रवार को डीएम-एसपी ने अफसरों व थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में शिकायत, विवेचना निस्तारण के साथ अपराधियों पर की गई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। डीएम ने भूमि विवाद को त्वरित निस्तारित करने के साथ गुंडा व गैंगेस्टर के अपराधियों पर नजर रखकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अपराधियों पर कार्रवाई कर जिले को अपराध मुक्त बनाने के लिए शुक्रवार को एसपी दिनेश सिंह ने फायर स्टेशन सभागार में क्राइम मीटिंग कर लापरवाह प्रभारियों को फटकार लगाते हुए सुधार की नसीहत दी। देर शाम कलेक्ट्रेट में डीएम अरुण कुमार व एसपी ने प्रशासनिक व पुलिस अफसरों की संयुक्त रूप से बैठक कर बिंदुवार समीक्षा की।
कलेक्ट्रेट में डीएम ने शिकायत व विवेचना निस्तारण के साथ भूमि विवाद निस्तारण, गुंडा व गैंगेस्टर के साथ हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर की गई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लापरवाही मिलने पर थाना प्रभारियों को जमकर फटकार लगाई।
संयुक्त रूप से डीएम व एसपी ने सभी को भूमि विवाद व छोटे-छोटे विवादों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएम ने समाधान दिवस में भूमि विवाद से मिली शिकायतों के निस्तारण के लिए संयुक्त टीम को स्थल पर जाकर निस्तारित करने तो गुंडा व गैंगेस्टर के साथ जिला बदर अपराधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया।
डीएम ने संभ्रांत लोगों से समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहारों को संपन्न कराने को कहा। डीएम ने भूमि विवाद लंबित रहने तथा अपराधियों पर कार्रवाई नहीं होने की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में एडीएम सुशील प्रताप सिंह व एएसपी विनोद कुमार पांडेय समेत सभी एसडीएम, सीओ व थाना प्रभारी मौजूद रहे।