गौरीगंज (अमेठी)। अंक सुधार बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने की तैयारी जिले में तेज हो गई है। परीक्षा में नकल न हो सके इसके लिए सेक्टर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षक तैनात का दिए गए हैं।
परीक्षा के दौरान निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा व वाइस रिकॉर्डर की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए दो सचल दल गठित किए गए हैं। चार केंद्रों पर आयोजित होनी वाली परीक्षा में 149 हाईस्कूल व 408 इंटर के परीक्षार्थी शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से कोविड काल में स्थगित बोर्ड परीक्षा का परिणाम 30 जुलाई को अर्धवार्षिक व प्री-बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर घोषित किया गया था। परीक्षा परिणाम से मेधावियों के अंसतुष्ट होने पर सचिव ने अंक सुधार परीक्षा कराने का निर्णय लिया था।
अंक सुधार परीक्षा में जिले में हाईस्कूल के 149 तो इंटरमीडिएट के 408 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है। आवेदन मिलने के बाद 16 सितंबर से छह अक्टूबर तक परीक्षा की समय सारिणी जारी होने के बाद परीक्षा की तैयारी तेज हो गई है। जिले में जीजीआईसी गौरीगंज, अमेठी व मुसाफिरखाना तथा जीआईसी राजाफत्तेपुर को परीक्षा केेंद्र बनाया गया है।
केंद्र निर्धारित होने के बाद परीक्षा की शुचिता कायम रखने के लिए डीएम अरुण कुमार ने स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पर्यवेक्षक व सचल दल का गठन किया है। डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने बताया कि संबंधित तहसील के एसडीएम को जोनल, बीडीओ को सेक्टर तथा बीईओ को स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित किया गया है।
इतना ही नहीं प्रधानाचार्य को केंद्र व्यवस्थापक नामित करते हुए नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है। चारों परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, राउटर व वाइस रिकॉर्डर से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए दो सचल दल (एक-एक महिला पुरुष) गठित करते हुए परीक्षा अवधि में दौरान भ्रमणशील रहकर परीक्षा की निगरानी करेगा। परीक्षा की शुचिता प्रभावित होने की दशा में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
केंद्रवार आवंटित परीक्षार्थी
परीक्षा प्रभारी राकेश कश्यप ने बताया कि आवेदन की समयावधि में अमेठी जीजीआईसी में 39 बालक व 12 बालिका ने हाईस्कूल तो 48 बालक व 54 बालिकाओं ने इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे।
इसी तरह जीजीआईसी गौरीगंज में 17 बालक व 15 बालिका हाईस्कूल और 74 बालक व 49 बालिका इंटरमीडिएट में अंक सुधार परीक्षा में शामिल होंगे। जीजीआईसी मुसाफिरखाना में हाईस्कूल में 24 बालक व 20 बालिका तो इंटर में 68 बालक व 35 तथा जीआईसी राजाफत्तेपुर में हाईस्कूल में 15 बालक व सात बालिका तो इंटर में 65 बालक व 15 बालिका परीक्षा देंगी।