11 : जगदीशपुर : हाईवे पर जला पड़ा ट्रक। -संवाद
- फोटो : AMETHI
जगदीशपुर (अमेठी)। वाराणसी-लखनऊ हाइवे पर स्थानीय थाना क्षेत्र के कादूनाला के समीप रविवार रात एक डीसीएम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। भाले सुल्तान पुलिस चौकी के सिपाहियों ने फायर विभाग की मदद से किसी तरह आग बुझाई लेकिन तब तक उसकी केबिन पूरी तरह जल चुकी थी। हालांकि समय रहते काबू पा लेने से ट्रक के डाले तक आग नहीं पहुंची। इसके चलते डीसीएम में लोड लाखों की कीमत का ट्रांसफॉर्मर व तेल बच गया और बड़ा हादसा होते-होते बचा।
सुल्तानपुर जिला के बाबूगंज वलीपुर निवासी आत्माराम अपनी डीसीएम में गुवाहाटी से ट्रांसफॉर्मर और उसमें पड़ने वाला केमिकल तेल लोड कर गाजियाबाद जा रहे थे। रविवार देर रात वह जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कादूनाला पुलिस चौकी के समीप पहुंचे ही थे कि उनकी चलती डीसीएम की केबिन से अचानक धुंआ उठने लगा।
धुंआ उठते देख चालक गाड़ी खड़ी कर नीचे उतरा तब तक गाड़ी धू-धूकर जलने लगी। गाड़ी को जलता देख भाले सुल्तान कादूनाला पुलिस चौकी के आरक्षी आनन-फानन फायर स्टेशन से गाड़ी मंगाकर आग बुझाने में जुट गए। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक डीसीएम की केबिन पूरी तरह जल गई थी। आग डीसीएम के डाले तक नहीं पहुंचने से उस पर लदा ट्रांसफॉर्मर और केमिकल जलने से बच गया। भारी नुकसान होने से बचने के बाद चालक ने पुलिस कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।