तिलोई (अमेठी)। थाना क्षेत्र मोहनगंज के भदमर गांव निवासी राघवेंद्र की विवाहिता पुत्री मंगलवार रात से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। शारदा सहायक नहर के पास चप्पल व पायल मिलने के बाद उसकी तलाश नहर मेें जारी है। परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नहर का फाटक बंद कराते हुए गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका।
भदमर गांव निवासी राघवेंद्र की पुत्री नीलम की शादी 2016 में रायबरेली जिले के हरचंदपुर थानाक्षेत्र के गांव कासो पहाड़पुर में हुई थी। देहज के लिए आए दिन ससुरालीजनों की प्रताड़ना से परेशान नीलम चार दिन पूर्व अपनी मासूम पुत्री जानवी के साथ मायके गई थी।
मंगलवार रात पति से फोन पर बात करने के बाद परेशान नीलम घर से निकली और लापता हो गई। उसकी तलाश के दौरान परिवारीजनों को शारदा सहायक खंड नहर पुल पर नीलम की चप्पल व पायल मिली। इसके बाद परिवारीजनों को पुत्री के नहर में छलांग लगाने की आशंका हुई।
पिता राघवेंद्र की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नहर का गेट बंद कराते हुए गोताखोरों की मदद से नीलम की तलाश शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक नीलम का पता नहीं चल सका था। नीलम के लापता होने के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है तो पिता ससुरालीजनों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पिता की सूचना के आधार पर गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश की जा रही है। नीलम के मिलने के साथ ही जांच के बाद सही कारणों का पता चलेगा, उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।