गौरीगंज (अमेठी) कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में हो रहे सुधार की जानकारी लेने के लिए डीएम अरुण कुमार ने मंगलवार देर शाम समीक्षा बैठक की। बैठक में जिम्मेदार अफसरों को कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों को सभी सुविधाएं दिलाने का निर्देश दिया। कहा कि सभी पोषाहार वितरण रजिस्टर को जल्द पूर्ण करें अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पोषण समिति एवं कन्वर्जेंस समिति की बैठक में डीएम अरुण कुमार ने सबसे पहले कुपोषित/अति कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं व धात्रियों को राशन वितरण की जानकारी ली। समीक्षा के बाद डीएम ने कोटेदारों के यहां से राशन का उठान कर ससमय वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
डीएम अरुण कुमार ने प्रभारी डीपीओ को एक माह के अंदर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा भरे जाने वाले वजन व पोषाहार वितरण रजिस्टर को पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र पर रजिस्टर अपूर्ण मिला तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डीपीओ ने बताया कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के वजन कार्यक्रम में कुल 1,69,829 बच्चों में से जुलाई माह में 1,64,931 बच्चों का वजन किया गया। डीएम ने शत-प्रतिशत बच्चों का वजन कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने अफसरों को निर्देश दिया कि कुपोषित बच्चों व गर्भवती महिलाओं के खान-पान व टीकाकरण का विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर, डीपीओ विनय कुमार व एसीएमओ डॉ. नवीन मिश्र के अलावा सभी सीडीपीओ मौजूद रहे।