14 : अमेठी : हरिकेश सिंह (फाइल फोटो)। -संवाद
- फोटो : AMETHI
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के गांव हथकिला के समीप अज्ञात वाहन से बचने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। घटना में जहां कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं कार सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दंपती को गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देख संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पति की मौत हो गई जबकि पत्नी को सुल्तानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सुल्तानपुर जिले के थाना लंभुआ के गांव मलाड़ तुलापुर चौदहवां निवासी हरिकेश सिंह (45) अपनी पत्नी मीरा सिंह (45) के साथ कार से प्रतापगढ़ के अठेहा निवासी अपने बहनोई भानु प्रताप सिंह के यहां गए थे। रविवार रात हरिकेश सिंह अपनी पत्नी को लेकर कार से वापस घर जा रहे थे। अमेठी-दुर्गापुर मार्ग स्थित हथकिला गांव के समीप अज्ञात वाहन से बचने के प्रयास में हरिकेश सिंह की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार का इंजन वाहन से अलग होकर दूर जा गिरा। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए कार में फंसी मीरा सिंह और हरिकेश सिंह को किसी तरह बाहर निकाला। इस बीच सूचना पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मियों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद संयुक्त जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान घायल हरिकेश सिंह की मौत हो गई। वहीं पत्नी मीरा सिंह की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने सुल्तानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
मृतक हरिकेश सिंह घर पर ही रह कर खेती करते थे। उनके बहनोई भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के तीन बच्चों में एक बेटा और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा 18 वर्ष का है तो दोनों बेटियां बेटे से छोटी हैं। मौत की सूचना के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है, परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
13 : अमेठी : हथकिला गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त पड़ी कार व जमा भीड़। -संवाद- फोटो : AMETHI