गौरीगंज (अमेठी)। प्रधानमंत्री आवास योजना में निर्माण प्रगति को लेकर विकास विभाग प्रयासरत है। विभाग की ओर से 10 ब्लॉक के ऐसे 64 गांवों को चिह्नित किया गया है जहां आवास की प्रगति बेहद खराब है। सीडीओ ऐसे गांवों से जुड़े पंचायत सचिव, आवास सहायक व संबंधित बीडीओ के साथ बैठक कर समीक्षा करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी।
पीएम आवास योजना में चयनित लाभार्थियों के सापेक्ष निर्माण पूरा कराने के लिए सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर लगातार समीक्षा कर रही हैं। इस दौरान लापरवाही पर कई लोगों पर कार्रवाई की गई तो अच्छा काम करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। बावजूद इसके प्रगति नहीं सुधरने पर सीडीओ ने पीडी आशुतोष दुबे से ऐसे गांवों को चिह्नित कराया है जहां की स्थिति बेहद खराब है।
पीडी ने बताया कि खराब प्रगति वालों में बहादुरपुर ब्लॉक के तीन गांवों में 61, भादर केे तीन गांवों में 310, भेटुआ के 10 गांवों में 464, गौरीगंज के 21 गांवों में 1094, जगदीशपुर के चार गांवों में 166, जामो के एक गांव में 54, मुसाफिरखाना के 13 गांवों में 896, संग्रामपुर के दो गांवों में 114, शाहगढ़ के छह गांवों में 342 तथा तिलोई के एक गांव में 46 आवास शामिल हैं।
कहा कि बुधवार को सीडीओ इन सभी गांव से संबंधित पंचायत सचिव, आवास सहायक तथा बीडीओ के साथ बैठक कर समीक्षा करेंगी। शाम चार से पांच बजे तक तिलोई तथा मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र के तो पांच से छह बजे तक अमेठी और गौरीगंज तहसील क्षेत्र के गांवों की समीक्षा करेंगी।