जायस (अमेठी)। धान क्रय केंद्रों पर तीन दिन पूर्व शुरू की गई ऑनलाइन टोकन व्यवस्था ने किसानों को परेशान कर दिया है। ऑफलाइन टोकन बंद होने व ऑनलाइन टोकन मिलने में हो रही परेशानी से नाराज किसान मंगलवार को प्रदर्शन पर उतर आए।
नए किसानों से दो दिन के लिए खरीद बंद हो जाने के बाद नाराज किसानों ने क्रय केंद्रों पर हंगामा काटा। इस दौरान किसानों ने हाथ में ऑनलाइन टोकन लेकर विरोध जताया। किसानों ने कहा कि ऑफलाइन व ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के नाम पर सिर्फ किसानों को परेशान किया जा रहा है।
मंडी समिति जायस परिसर में किसानों से धान खरीद करने के लिए पांच धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। तीन क्रय केंद्र विपणन के हैं तो एक-एक क्रय केंद्र मंडी समिति व एफसीआई के हैं। इन क्रय केंद्रों पर कई किसानों की ट्रॉली 12-15 दिनों से खड़ी हैं। पहले किसानों को ऑफलाइन टोकन दिया गया था। तीन दिन पहले ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू कर दी गई।
शासन के नए आदेश के तहत (दो दिन केंद्र पर सिर्फ ऐसे किसानों के धान खरीदने का आदेश जो लंबे समय से खड़े हैं) पहले से मंगलवार के लिए जारी किए गए ऑनलाइन टोकन निरस्त कर दिए गए। क्रय केंद्र पर यह बात पता चलने के बाद किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। विपणन शाखा के तीन क्रय केंद्रों पर किसानों ने जमकर हंगामा किया।
किसान रामनेवल, याकूब, इम्तियाज, अब्दुल रसीद, अब्दुल सत्तार, वारिस, सैय्यद खां, आलमीन व रऊफ ने बताया कि हम लोग पिछले कई दिनों से केंद्र पर हैं। टोकन लेने के बावजूद सेंटरों पर धान नहीं तौला जा रहा है। अब इस बदलते मौसम में हम अपना धान लेकर कहां जाएं। किसानों ने कहा कि जब तक हमारे धान की तौल नहीं होती है ट्रॉलियां यहीं खड़ी रहेंगी। किसानों ने शासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
दो दिन टोकन व्यवस्था बंद
विपणन शाखा के तृतीय क्रय केंद्र प्रभारी सत्यप्रकाश राय ने बताया कि टोकन व्यवस्था दो दिन के लिए बंद की गई है। इस दौरान सिर्फ उन किसानों का धान खरीदा जाएगा जिन किसानों की ट्रॉलियां लंबे समय से खड़ी हुई हैं। अग्रिम आदेश आने के बाद तौल की जाएगी।
12 दिन से खड़ी ट्रॉली, नहीं हुई खरीद
किसान मो. अब्बास ने कहा कि मेरी धान से लदी ट्रॉली पिछले 12 दिनों से एफसीआई के क्रय केंद्र पर खड़ी है। पहले ऑफलाइन टोकन दिया गया। जब मेरा नंबर आया तो हमें ऑनलाइन टोकन लाने के लिए कहा गया। आज जब हम ऑनलाइन टोकन लेकर आए तो नया आदेश बताकर ऑनलाइन टोकन निरस्त कर दिया।
बिचौलियों से हो रही खरीद
विपणन शाखा के क्रय केंद्र पर दो दिसंबर से ट्रॉली लेकर विपणन शाखा एक के क्रय केंद्र पर धान बेचने के लिए परेशान बघेल गांव निवासी सैय्यद खां ने बताया कि केंद्र प्रभारी किसानों के बजाए बिचौलियों से धान खरीद कर रहे हैं। प्रतिदिन उन्हें अगले दिन खरीद का आश्वासन देकर परेशान किया जा रहा है।
ठंड में केंद्र पर गुजार रहे रात
बघेल गांव निवासी अब्दुल रसीद को विपणन शाखा के एक नंबर क्रय केंद्र पर 16 दिसंबर को एक नंबर का टोकन मिला था। टोकन मिलने के बाद वे क्रय केंद्र पहुंचे। तब से आज तक केंद्र प्रभारी उनका धान खरीदने में आनाकानी कर रहे हैं। ऐसे में जहां ठंड में उन्हें रात केंद्र पर गुजारनी पड़ रहा है, वहीं ट्रॉली का भाड़ा अतिरिक्त वहन करने से वे परेशान हैं।
मनमानी पर आमादा केंद्र प्रभारी
फरीदपुर गांव निवासी याकूब 17 दिसंबर से मंडी समिति के क्रय केंद्र पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में लाद कर धान बेचने के लिए परेशान हैं। टोकन देनेे के बाद भी केंद्र प्रभारी मनमाने ढंग से खरीद कर रहे हैं। मंगलवार को रिमझिम बरसात होने से धान में नमी बढ़ने की संभावना है ऐसे में केंद्र प्रभारी की मनमानी से नुकसान उठाना पड़ रहा है।
टोकन नंबर के क्रम से हो रही खरीद
विपणन शाखा के क्रय केंद्र प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शाखा के तीनों क्रय केंद्रों पर जारी टोकन के अनुसार खरीद की जा रही है। बघेल गांव निवासी सैय्यद खां व अब्दुल रसीद का विपणन शाखा क्रय केंद्र पर न तो पंजीयन है और न ही टोकन जारी किया गया है। जारी टोकन के अनुसार किसानों से खरीद की जा रही है। शासन की ओर से ऑनलाइन टोकन दो दिन के निरस्त करने से परेशानी हुई है।