16 : भादर : खरगीपुर में किशोरी की हत्या के बाद जमा लोग। -संवाद
- फोटो : AMETHI
भादर (अमेठी)। खरगीपुर में अपने मकान की छत पर सो रही किशोरी सुबह मृत मिली। पिता की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल कर रही है। पिता ने पुत्री की हत्या करने की आशंका जताते हुए सुल्तानपुर जिले के अहमट गांव निवासी एक युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
मॉडल थाना रामगंज के खरगीपुर गांव निवासी माता प्रसाद कोरी की पुत्री लक्ष्मी रविवार रात भोजन करने के बाद मकान की छत पर सो रही थी। सोमवार अलसुबह माता प्रसाद छत पर गए और पुत्री को उठने के लिए आवाज दी। कई बार आवाज देने के बाद जब लक्ष्मी नहीं उठी तो वे नजदीक गए।
नजदीक जाने पर उन्होंने देखा कि लक्ष्मी की मौत हो चुकी है। पिता की चीख पुकार पर परिवार के अन्य सदस्य व पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। लक्ष्मी के गले पर रस्सी से कसे जाने का निशान दिखने के बाद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुत्री की हत्या करने की आशंका जताते हुए माता प्रसाद ने गांव के ही हरिश्चंद्र के साढू़ के अमहट सुल्तानपुर निवासी पुत्र के खिलाफ तहरीर दी।
सूचना के बाद पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर जांच कर रही है। रामगंज चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम तीन चिकित्सकों के पैनल से कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत केे सही कारणों का पता चलेगा।