गौरीगंज (अमेठी)। मुंशीगंज थाना क्षेत्र के बाहापुर निवासी उदय प्रताप सिंह उर्फ लल्लू दरपीपुर बाजार में हार्डवेयर की दुकान करते हैं। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे वे दुकान बंद कर बाइक से घर वापस जा रहे थे। वे अपने गांव के पास पहुंचे ही थे कि अचानक एक बाइक से पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी।
गोली लल्लू के पेट में लगी और वे गिर पड़े। हमलावर उन्हें मृत मानकर भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना मुंशीगंज एसओ संदीप राय को देने के साथ उन्हें संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लल्लू को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसओ मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर गांव में तनाव है। तनाव को देखते हुए कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात की गई है। एसपी ने बताया कि लल्लू के परिवार के लोग भूमि विवाद को घटना की वजह बता रहे हैं। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। (संवाद)