06 : बाजार शुकुल : ब्यौरेमऊ गांव में बुजुर्ग की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। -संवाद
- फोटो : AMETHI
बाजार शुकुल (अमेठी)। रविवार की रात थाना क्षेत्र के ब्यौरेमऊ गांव में हाता में सो रहे बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में अज्ञात कारणों से छप्पर में लगी आग में जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पुत्र ने पिता की हत्या का अंदेशा जताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।
बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के ब्यौरेमऊ गांव निवासी बुधराम (90) रविवार को घर से लगभग सौ मीटर दूर हाता में चारपाई पर सो रहे थे। रात करीब लगभग दो बजे हाता में रखा छप्पर धू-धू कर जलने लगा। परिवारवालों की चीख पुकार पर पहुंचे ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तब तक बुधराम की पूरी तरह झुलस जाने से मौत हो चुकी थी।
मृतक के पुत्र रामदेव के मुताबिक उनके पिता लगभग 15 दिन से कमर में चोट लगने के कारण चल फिर नहीं पाते थे। परिजन उनको चारपाई पर खाना-पीना देकर सुला देते थे। उनका कहना था कि उनके पिता छप्पर से दूर चारपाई पर ही लेटे थे। वह छप्पर में कैसे पहुंचे। कौन लेकर गया। इसी बात को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक के परिजनों ने 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 112 पुलिस ने पूरे घटनाक्रम से स्थानीय थानाध्यक्ष को अवगत कराया। थानाध्यक्ष निर्मल सिंह ने बताया कि लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।