गौरीगंज (अमेठी)। जिले में औद्योगिक वातावरण तैयार करने व व्यापारियों की परेशानी दूर करने के लिए प्रति माह जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित होती है। अगस्त में तिथि निर्धारित करने के बावजूद बैठक न करने पर डीएम ने उपायुक्त उद्यम एवं उद्योग को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए नियमित बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है।
शासन के निर्देश पर प्रत्येक माह सभी विभागों की योजनाओं की समीक्षा के लिए तिथि निर्धारित की जाती है। निर्धारित तिथि पर संबंधित विभाग योजना से जुड़े लोगों व अफसरों को सूचना देकर बैठक आयोजित करती है।
बुधवार को जारी रोस्टर के अनुसार कलेक्ट्रेट में जिला उद्योग बंधु एवं औद्योगिक सुरक्षा फोरम की बैठक आयोजित होनी थी। बैठक के लिए निर्धारित समय पर न हो तो बैठक से संबंधित तैयारियां पूरी की गई थीं और न ही सीडीओ के अतिरिक्त कोई अफसर तथा व्यवसाई उपस्थित हुआ।
निर्देशों के बावजूद बैठक आयोजन में लापरवाही बरतने को डीएम अरुण कुमार ने अनुशासनहीनता मानते हुए उपायुक्त उद्योग एवं उद्यम केंद्र राजीव पाठक को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए जवाब मांगा है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी है।