05 : मुसाफिरखाना : संपूर्ण समाधान दिवस में सुनवाई करते डीएम।
- फोटो : AMETHI
गौरीगंज/मुसाफिरखाना (अमेठी)। मुसाफिरखाना तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस मेें विलंब से पहुंचने पर डीएम ने बीडीओ जगदीशपुर व मुसाफिरखाना का वेतन रोकने का आदेश दिया। इतना ही नहीं दिवस में बिना मास्क पहुंचे बीडीओ मुसाफिरखाना से एक हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया। डीएम ने अफसरों व कर्मचारियों को शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश भी दिया।
जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। मुसाफिरखाना में डीएम अरुण कुमार ने संपूर्ण समाधान दिवस में देरी से आने पर बीडीओ मुसाफिरखाना हरिश्चंद्र सिंह व बीडीओ जगदीशपुर शशि तिवारी का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
साथ ही संपूर्ण समाधान दिवस में बिना मास्क लगाए पहुंचने पर बीडीओ मुसाफिरखाना से एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। डीएम ने सभी अफसरों को निर्देश दिया कि संपूर्ण समाधान दिवस में समय से आकर जन समस्याएं सुनें तथा उनका निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
इसमें लापरवाही किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग, पुलिस विभाग तथा विकास विभाग से संबंधित रहीं। डीएम ने लेखपालों को निर्देश दिया कि गांव में अवैध कब्जा व विवाद निपटाएं।
विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिया सुनिश्चित किया जाए। मुसाफिरखाना में आईं 66 शिकायतों में से दो, अमेठी में 69 शिकायतों में दो, तिलोई में 23 में दो तथा गौरीगंज में 84 शिकायतों में से छह का निस्तारण किया गया। मुसाफिरखाना तहसील दिवस में एसपी दिनेश सिंह, सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे, एसडीएम, सुनील त्रिवेदी, सीओ मनोज कुमार, पीडी आशुतोष दुबे आदि मौजूद रहे।