गौरीगंज (अमेठी)। आजादी की 75वीं वर्षगांठ व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर स्मृति ईरानी की पहल पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता अमेठी के लिए प्रेरणादायी होगी। 17 से 19 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पूरे देश के 500 से अधिक नामचीन पहलवान हिस्सा लेंगे।
इस प्रतियोगिता का आयोजन शहर से आठ किलोमीटर दूर कौहार स्थित सैनिक स्कूल परिसर में होगा। बुधवार को सैनिक स्कूल के एक कक्ष में मीडिया से मुखातिब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने दावा किया कि यह आयोजन ऐतिहासिक होगा। अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर 23 फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल एवं महिला कुश्ती चैंपियनशिप होगी।
प्रतियोगिता का आयोजन राष्ट्रीय कुश्ती संघ नई दिल्ली एवं उत्थान सेवा संस्थान अमेठी द्वारा किया जा रहा है। इसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद बृज भूषण शरण सिंह तीनों दिन उपस्थित रहेंगे।
इसी के साथ कई केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री के भी कार्यक्रम में मौजूद रहने की संभावना है। इस आयोजन में गीता फोगाट, बबिता फोगाट, बजरंग पुनिया व रवी दहिया समेत नामी-गिरामी पहलवान लोगों का उत्साहवर्धन करेंगे। प्रतियोगिता में 500 से अधिक पहलवान प्रतिभाग करेंगे।