प्रोजेक्ट अलंकार योजना में स्वीकृत हुआ प्रस्ताव, कार्यदायी संस्था नामित कर जारी हुए ढाई करोड़ रुपये अजय कुमार मिश्र/संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीगंज (अमेठी)। जिले के सात राजकीय इंटर कॉलेज आधुनिक सुविधाओं से लैश किए जाएंगे। शासन ने प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान करते हुए ढाई करोड़ रुपये की पहली किश्त निर्गत कर दी गई है।
माध्यमिक इंटर कॉलेजों को निजी स्कूल की तर्ज पर संचालित करने की कोशिश जिले में परवान चढ़ने लगी है। इस कवायद के पहले चरण में 1954 से 1984 के बीच निर्मित कॉलेजों को सुविधा से लैश करने का प्रस्ताव गत दिनों शासन को भेजा गया था। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत स्वीकृति के लिए भेजी गई सूची में जीआईसी फुरसतगंज, जामो, टीकरमाफी व राजा फत्तेपुर तथा जीजीआईसी अमेठी, सोनारीकला व मुसाफिरखाना का नाम था।
प्रस्ताव प्राप्त होते ही शासन ने कॉलेजों में मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने के लिए 5.5 करोड़ रुपये के आगणन को मंजूरी दी है। प्रस्तावित कार्य पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम सहकारी संघ लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित कर पहली किश्त के रूप में दो करोड़ 52 लाख 96 हजार रुपये अवमुक्त कर दिया है। धनराशि अवमुक्त करने के बाद कार्यदायी संस्था को मानक के अनुसार प्रस्तावित कार्य पूरा करने तो माध्यमिक शिक्षा विभाग को निर्माण कार्य की निगरानी करने का निर्देश दिया है।
इनसेट
कॉलेजों में होंगे यह कार्य
प्रोजेक्ट अलंकार के तहत जीआईसी फुरसतगंज में अतिरिक्त शिक्षण कक्ष के साथ मल्टी परपज हाल व प्रयोगशाला का निर्माण होगा। इसी तरह जीजीआईसी अमेठी, मुसाफिरखाना, सोनारीकला तथा जीआईसी राजा फत्तेपुर, जामो में मल्टी परपज हॉल, प्रयोगशाला व पुस्तकालय की स्थापना होगी। जीआईसी टीकरमाफी में मल्टीपरपज हाल व पुस्तकालय का निर्माण होगा।
वर्जन
जल्द शुरू होगा कार्य
प्रोजेक्ट अलंकार के तहत सात कॉलेजों में प्रस्तावित कार्य कराने के लिए शासन से धनराशि की मंजूरी मिलने के साथ पहली किस्त भी मिल चुकी है। नामित संस्था की मदद से मानक के अनुसार निर्माण पूरा कर शिक्षण कार्य को बेहतर बनाया जाएगा।
-उदय प्रकाश मिश्र-डीआईओएस