गौरीगंज (अमेठी)। काकोरी घटना की वर्षगांठ के मौके पर शासन के निर्देश पर आज समारोह पूर्वक जिले में आजादी का अमृत महोत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रभात फेरी, स्लोगन प्रतियोगिता व तिरंगा यात्रा के साथ प्रमुख स्थानों व शहीद स्मारकों की विशेष सफाई की जाएगी। कार्यक्रम सफल हो सके इसके लिए डीएम ने विभागाध्यक्षों को अलग-अलग जिम्मेदारी देते हुए कार्यक्रम आयोजित कर फोटोग्राफ्स के साथ रिपोर्ट देेने का निर्देश दिया है।
स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए वीर सपूतों की याद में शासन के निर्देश पर सोमवार को जिले में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम मनाया जाएगा। शासन का निर्देश मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित करने की रुपरेखा तैयार करते हुए अफसरों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी है।
डीएम ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम गौरीगंज ब्लॉक में वृहद व प्रमुख कार्यक्रम के साथ ही काकोरी घटना वर्षगांठ के अवसर पर शहीद स्मारकों व शिक्षण संस्थानाओं में मुख्यमंत्री के संवाद का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सभी ब्लॉकों में प्रभात फेरी, तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में एनएसएस, एनसीसी, स्काउट गाइड, सिविल डिफेंस, समाजसेवी, स्वयं सेवा संस्थान के कार्यकर्ताओं को शामिल करते हुए वीर सपूतों की जानकारी लोगों को दी जाएगी।
गौरीगंज में प्रभातफेरी, तिरंगा यात्रा ब्लॉक परिसर में स्थापित शहीद स्मारक स्थल से निकल कर सब्जी मंडी चौराहा से ओवर ब्रिज, हनुमान मंदिर तिराहा होकर पुन: शहीद स्मारक स्थल पर समाप्त होगी। इसके साथ ही सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में स्वच्छता के लिए एक अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि सभी कार्यक्रम कोविड संक्रमण बचाव नियमों के बीच गाइडलाइन का पालन करते हुए आयोजित की जाएगी। सभी कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। नामित सभी अफसर अपनी मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित कर फोटोग्राफ्स व रिपोर्ट देंगे। डीएम ने कार्यक्रम आयोजन में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।