गौरीगंज (अमेठी)। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण में बरती जा रही ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन ने डिफाल्टर चिह्नित 103 अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की है। आईजीआरएस पर दर्ज शिकायतों का समय से निस्तारण परखने को एडीएम ने बुधवार को जब पोर्टल समीक्षा की तो 103 अफसरों के पास 729 जन शिकायतें निस्तारण को लंबित मिली। शिकायत का समाधान न होने से नाराज एडीएम ने सभी से तीन दिन में लिखित स्पष्टीकरण के साथ ही लंबित मामलों को निस्तारित कराने को निर्देशित किया है।
जनशिकायतों के त्वरित व समयबद्ध निस्तारण के लिए दैनिक अनुश्रवण प्रणाली पोर्टल संचालित है। पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता कायम रखने के लिए शासन स्तर से प्रतिमाह रैंकिंग भी की जाती है। कोविड संक्रमण से बचाव के लिए जनसुनवाई में आने के बजाए अधिकांश शिकायतकर्ता पोर्टल पर अपनी शिकायतें दर्ज करवात हैं। पोर्टल पर अपलोड के साथ संदर्भित शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए एडीएम सुशील प्रताप सिंह सक्रिय बने हुए हैं।
एडीएम ने पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की हकीकत देखने के लिए बुधवार को ऑनलाइन समीक्षा की तो 103 अफसरों के पास 729 जन शिकायतें समय सीमा बीत जाने के बावजूद लंबित मिलीं। जन शिकायतों के निस्तारण में जिम्मेदारों की ओर से बरती जा रही लापरवाही से नाराज एडीएम ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी की है। नोटिस में तत्काल पोर्टल पर लंबित शिकायत का गुण-दोष के आधार पर निस्तारण करने के साथ ही शिकायतकर्ता का संतुष्टि प्रमाण पत्र प्राप्त करते हुए जवाब देने को कहा है। एडीएम ने शिकायत निस्तारित नहीं होने, भविष्य में शिकायत लंबित मिलने तथा जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।