कटेहरी सीएचसी में खराब पड़ी एक्सरे मशीन। -संवाद
सीएचसी कटेहरी में संसाधनों की कमी, एक्स-रे जांच न होने से मायूस लौट रहे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
कटेहरी (अंबेडकरनगर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटेहरी को नई एक्स-रे मशीन का इंतजार है। करीब पांच वर्ष पहले लगी मशीन पुरानी होने के चलते करीब तीन वर्ष से खराब पड़ी है। इससे अस्पताल में एक्स-रे जांच सेवा शुरू नहीं हो रही है। आम लोगों को एक्स-रे जांच के लिए बाजार के निजी सेंटरों या फिर जिला मुख्यालय तक की दौड़ लगानी पड़ रही है। इसके चलते प्रतिदिन 25 से अधिक मरीज एक्सरे जांच के अभाव में मायूस होकर लौट रहे हैं।
कटेहरी सीएचसी पर करीब दो लाख की आबादी को बेहतर उपचार की सुविधा देने की जिम्मेदारी है। लेकिन सीएचसी पर संसाधनों की कमी है। सबसे ज्यादा मुश्किल एक्स-रेे मशीन खराब हो जाने के चलते हो रही है। पांच वर्ष पहले यहां मरीजों के लिए निशुल्क एक्स-रे जांच की सुविधा देने के लिए मशीन लगायी गई। दो वर्ष तक तो लोगों का इसका लाभ मिला। इसके बाद मशीन खराब हो गई। अब मशीन को दुरुस्त कराने की जरूरत नहीं समझी जा रही है। इससे मशीन अस्पताल में धूल फांक रही है।
सबसे ज्यादा मुश्किल चिकित्सकीय परीक्षण से जुड़े मामले आने पर होती है। घायलों को एक्सरे की जरूरत होती है लेकिन सीएचसी पर एक्स-रे की सुविधा न होने से जांच नहीं हो पाती। ऐसे में चिकित्सकों को रेफर करना पड़ता है। कटेहरी बाजार निवासी पवन सिंह, लव कुश गुप्त, शैलेंद्र अग्रहरि, अशोक गुप्त व मनोज आदि ने अस्पताल में नई एक्स-रे मशीन लगवाए जाने की मांग की है। कहा कि सरकारी अस्पताल में लोग मुफ्त व बेहतर इलाज की उम्मीद में जाते हैं। परंतु व्यवस्थाएं बदहाल होने के चलते लोगों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
की जा रही है कोशिश
मशीन को दुरुस्त कराने के लिए कई बार पत्राचार किया जा चुका है। कोई दिशा निर्देश न मिलने के चलते ठीक कराने में विलंब हुआ। मरीजों को हो रही असुविधा को दूर करने के लिए अस्पताल की तरफ से वर्क आर्डर जारी कर लखनऊ से सामान मांगने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द ही जरूरी उपकरण आ जाने के बाद मशीन को ठीक कराकर जांच बहाल करायी जाएगी।
-डॉ. गौतम मिश्र, प्रभारी सीएचसी कटेहरी