फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पौने दो लाख बच्चों को जल्द ले सकेंगे ड्रेस, स्वेटर व बैग

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिले के 1582 परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत लगभग दो लाख छात्र-छात्राओं को जल्द ही नया ड्रेस, जूता, मोजा, स्वेटर व बैग मिल सकेगा। लगभग 95 प्रतिशत डीबीटी फीडिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही प्रत्येक छात्र से संबंधित अभिभावक के खाते में 1056 रुपये की राशि पहुंच जाएगी। उम्मीद है कि अक्तूबर के अंतिम दिनों या फिर नवंबर के प्रथम सप्ताह में अभिभावकों के खाते में राशि भेज दी जाएगी। कुल लगभग 20 करोड़ रुपये अभिभावकों के खाते में भेजे जाएंगे।
विज्ञापन

ठंड का मौसम प्रारंभ होने से पहले परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को नया स्वेटर मिल सके, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिम्मेदारों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया था। निर्देश में कहा गया था कि न सिर्फ स्वेटर, बल्कि जूता, मोजा, बैग व ड्रेस भी उन्हें उपलब्ध करा दिया जाए। बताते चलें कि मौजूदा समय में जिले में 1582 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में 1 लाख 83 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। पूर्व में विद्यालयों में ही छात्र-छात्राओं को यह सभी पठन पाठन संबंधित सामग्रियां उपलब्ध करा दी जाती थीं, लेकिन कोरोना संकट को देखते हुए डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांजेक्शन योजना के तहत राशि सीधे अभिभावकों के खाते में भेजे जाने की घोषणा शासन ने की है। ऐसे में पहली बार योजना के तहत जूता, मोजा, ड्रेस, स्वेटर व बैग के लिए अभिभावकों के खाते में राशि भेजी जाएगी, जिससे अभिभावक संबंधित सामग्रियों की खरीदारी कर सकेंगे।
बीएसए कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक सुरेश तिवारी ने बताया कि योजना के तहत शीघ्र अभिभावकों के खाते में राशि भेजी जा सके, इसके लिए अभिभावकों के खाता नंबर के साथ ही अन्य दस्तावेजों की फीडिंग का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। 1 लाख 83 हजार छात्र-छात्राओं की तुलना में 1 लाख 74 हजार छात्र-छात्राओं के अभिभावकों की फीडिंग की जा चुकी है। शीघ्र ही फीडिंग का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

इसके बाद प्रत्येक अभिभावक के खाते में 1056 रुपये भेज दिए जाएंगे। जो राशि अभिभावकों के खाते में भेजी जाएगी, उसमें स्वेटर के लिए 200 रुपये, ड्रेस के लिए 600 रुपये, जूते के लिए 135 रुपये, बैग के लिए 100 रुपये व मोजे के लिए 21 रुपये शामिल है। बताया कि उम्मीद है कि अक्तूबर के अंतिम दिनों या फिर नवंबर के प्रथम सप्ताह तक अभिभावकों के खाते में राशि भेज दी जाएगी। लगभग 20 करोड़ रुपये की राशि जूता, मोजा, ड्रेस व बैग आदि के लिए अभिभावकों के खाते में पहुंचेगी।
शीघ्र खाते में भेजी जाएगी राशि
शासन के निर्देश पर पहली बार स्वेटर, ड्रेस, बैग, जूता, मोजा के लिए अभिभावकों के खाते में डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांजेक्शन योजना के तहत प्रत्येक अभिभावक के खाते में 1056 रुपये की राशि भेजी जाएगी। फीडिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही संबंधित खातों में राशि पहुंच जाएगी। प्राथमिकता के आधार पर सभी कार्य कराए गए हैं। -भोलेंद्र प्रताप सिंह, बीएसए
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें